मॉस्को में आतंकी हमला, अब तक 70 मौतें और 150 घायल: आईएसआईएस ने ली जिम्मेदारी, सामने आईं आतंकियों की तस्वीरें
<p>स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में आतंकी हमले के चश्मदीदों के हवाले से बताया गया कि हमलावर ‘एशियाई और कॉकेशियाई’ लोगों जैसे दिखते थे और रूसी नहीं, बल्कि विदेशी भाषा में बातचीत कर रहे थे। रूसी मीडिया का दावा है कि आतंकी इन्गुशेतिया के मूल निवासी हैं।</p>
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ सीरिया एंड इराक (आईएसआईएस) ने शुक्रवार को मॉस्को के क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में हुई गोलीबारी और बम विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। इस भीषण आतंकी हमले में कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई और 150 घायल हो गए। आईएसआईएस ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक बयान जारी कर कहा, ‘हमारे लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके में स्थित क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में हमला किया’। आईएस के बयान में यह भी कहा गया है कि हमलावर ‘सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों पर लौट आए हैं’।
रूसी मीडिया ने दिखाई आतंकवादियों की तस्वीरें
इस बीच रूसी मीडिया ने आतंकवादियों की तस्वीरें प्रकाशित की हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में आतंकी हमले के चश्मदीदों के हवाले से बताया गया कि हमलावर ‘एशियाई और कॉकेशियाई’ लोगों जैसे दिखते थे और रूसी नहीं, बल्कि विदेशी भाषा में बातचीत कर रहे थे। रूसी मीडिया का दावा है कि आतंकी इन्गुशेतिया के मूल निवासी हैं। सैन्य वर्दी पहने हुए आतंकियों ने इमारत में प्रवेश किया और गोलीबारी शुरू कर दी। सामने जो भी दिखा उसे गोलियों से भून दिया। इसके बाद विस्फोट किया, जिससे कॉन्सर्ट हॉल में आग लग गई।
आतंकी हमले के वक्त मौजूद थे 6200 लोग
जब हमला हुआ उस वक्त क्रोकस सिटी हॉल में सोवियत काल के प्रसिद्ध म्यूजिक बैंड ‘पिकनिक’ का परफॉर्मेंस चल रहा था। इस म्यूजिक कॉन्सर्ट में 6200 लोग मौजूद थे। रूसी अधिकारियों ने कहा कि हम इस आतंकवादी हमले की जांच कर रहे हैं और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लगातार अपडेट किया जा रहा है। रूसी विदेश मंत्रालय ने इस आतंकवादी हमला बताया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घृणित अपराध की निंदा करने की अपील की है। यह आतंकी हमला ऐसे समय में हुआ है, जब व्लादिमीर पुतिन ने हाल में संपन्न राष्ट्रपति चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है और रूस के राष्ट्रपति के रूप में लगातार 5वां कार्यकाल संभालने जा रहे हैं। दूसरी ओर रूस बीते दो साल से यूक्रेन के साथ युद्ध लड़ रहा है।
अमेरिकियों को एडवाइजरी जारी की
मॉस्को के पास कॉन्सर्ट हॉल में हुए आतंकी हमले पर अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन किर्बी ने कहा, ‘इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकता...हम अधिक जानकारी प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं। तस्वीरें बहुत भयानक हैं और उन्हें देखना कठिन है। हमारी संवेदनाएं इस भयानक गोलीबारी हमले के पीड़ितों के साथ हैं। मॉस्को में हमारे दूतावास ने अमेरिकियों को एडवाइजरी जारी करके किसी भी बड़े समारोह, म्यूजिक कॉन्सर्ट और शॉपिंग मॉल में जाने से बचने की सलाह दी है। इस समय इस बात का कोई संकेत नहीं है कि गोलीबारी में यूक्रेन या यूक्रेनियन शामिल थे’।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की आलोचना
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘हम मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवार के साथ हैं। भारत इस दुख की घड़ी में रूस के साथ खड़ा है।’
मॉस्को हमले के पीछे हम नहीं: यूक्रेन
मॉस्को आतंकी हमले पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के वरिष्ठ सलाहकार, मिखाइल पोडोल्याक ने कहा, ‘हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि यूक्रेन का इन हमले से कोई लेना-देना नहीं है। रूस की सेना और एक देश के रूप में रूसी संघ के साथ हमारा पूर्ण पैमाने पर, चैतरफा युद्ध चल रहा है और किसी चीज की परवाह किए बिना, यूक्रेन युद्ध के मैदान में अपनी लड़ाई लड़ेगा’।
What's Your Reaction?