दक्षिण 24 परगना में तृणमूल नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, समर्थकों ने हमलावर को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
<p><em><strong>पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के जॉयनगर में सोमवार सुबह कुछ बदमाशों ने एक तृणमूल कांग्रेस के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि स्थानीय लोगों ने कथित हमलावरों में से एक को पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। स्थानीय टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया कि उनकी हत्या के पीछे सीपीआई (एम) समर्थकों का हाथ है।</strong></em></p>
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक टीएमसी नेता की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के जॉयनगर में सोमवार सुबह कुछ बदमाशों ने एक तृणमूल कांग्रेस के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी।
टीएमसी नेता सैफुद्दीन लश्कर की गोली मारकर हत्या
समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि जॉयनगर में बामुंगाची के टीएमसी के क्षेत्र अध्यक्ष सैफुद्दीन लश्कर अपने घर के बाहर थे। तभी वहां पहुंचे कुछ बदमाशों ने सैफुद्दीन को गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने कथित हमलावरों में से एक को पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
प्रधान हैं सैफुद्दीन लश्कर की पत्नी
अधिकारी के अनुसार, सैफुद्दीन की पत्नी प्रधान हैं। स्थानीय टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया कि उनकी हत्या के पीछे सीपीआई (एम) समर्थकों का हाथ है। इस बीच सीपीआई (एम) समर्थकों ने दावा किया इस घटना के बाद सैफुद्दीन के समर्थकों ने उनके घरों ने तोड़फोड़ की। साथ ही, कुछ घरों को आग भी लगा दी।
सुजन चक्रवर्ती ने घटना पर जताया दुख
वहीं, सीपीआई (एम) केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि किसी की भी मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस को हत्यारों को पकड़ने के लिए उचित जांच करनी चाहिए और साजिश का पर्दाफाश करना चाहिए।
सीपीआई (एम) के समर्थकों पर लगे आरोपों को नकारा
सुजन चक्रवर्ती ने सीपीआई (एम) के समर्थकों पर लगे आरोपों को नकारा। उन्होंने कहा कि सैफुद्दीन लश्कर की हत्या तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे आंतरिक कलह का नतीजा है। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए सीपीआई (एम) को दोष देने का कोई मतलब नहीं बनता है।
What's Your Reaction?