गहलोत-सचिन में सुलह कराने जयपुर आएंगे वेणुगोपाल
<p><em><strong>वेणुगोपाल 29 नवंबर को जयपुर पहुंचेंगे और गहलोत तथा पायलट के बीच जारी गुटबाजी को खत्म करने के लिए दोनों धड़ों के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। </strong></em></p>
राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रही गुटबाजी के और तेज होने की खबरों के बीच पार्टी महासचिव संगठन के सी. वेणुगोपाल सुलह कराने के मकसद से अगले सप्ताह जयपुर जाएंगे।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि वेणुगोपाल 29 नवंबर को जयपुर पहुंचेंगे और गहलोत तथा पायलट के बीच जारी गुटबाजी को खत्म करने के लिए दोनों धड़ों के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। वे इस दौरान वहां भारत जोड़ो यात्रा पहुंचने को लेकर चल रही तैयारियों का भी जायजा लेंगे।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में मुख्यमंत्री के सचिन पायलट को लेकर दिये गये तीखे बयान के बाद गुटबाजी तेज हो गई है और पायलट समर्थक गुर्जर नेताओं ने भारत जोड़ो यात्रा को प्रभावित करने के संकेत दिये हैं। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा अच्छे तरीके से संचालित हो, यह सुनिश्चित करने के लिए वेणुगोपाल जयपुर जा रहे हैं।
इस बीच वेणुगोपाल ने राजस्थान कांग्रेस में किसी तरह की धड़ेबाजी से इनकार किया और कहा कि वहां भारत जोड़ो यात्रा का विरोध नहीं होगा बल्कि कांग्रेस इस यात्रा के माध्यम से राजस्थान में अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगी।
What's Your Reaction?