रामनवमी पर हिंसाः बंगाल के हावड़ा में भीड़ ने फूंके वाहन, वडोदरा और संभाजीनगर में पथराव

<p><em><strong>रामनवमी के त्योहार पर देश के कुछ राज्यों में हंगामा और हिंसा देखने को मिली। वहीं, राजधानी दिल्ली और राम नगरी अयोध्या में कड़ी सुरक्षा के बीच पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाया गया।&nbsp;</strong></em></p>

रामनवमी पर हिंसाः बंगाल के हावड़ा में भीड़ ने फूंके वाहन, वडोदरा और संभाजीनगर में पथराव
31-03-2023 - 12:25 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

देश भर में गुरुवार को भगवान राम का जन्मोत्सव यानी रामनवमी का त्योहार पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया लेकिन इस दौरान देश के कई राज्यों में असामाजिक तत्वों ने अपनी कारगुजारियों से रंग में भंग डालने का भी प्रयास किया और कई स्थानों पर झड़पें देखने को मिली। गुजरात के वडोदरा में फतेहपुरा इलाके में रामनवमी के जुलूस पर पथराव किया गया। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी रामनवमी जुलूस के दौरान पथराव हुआ और वाहनों में आग भी लगाई गई।
हंगामे के बाद पुलिसकर्मियों ने इलाके में फ्लैग मार्च किया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हावड़ा की घटना पर नाम लिए बिना बीजेपी को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि वे सांप्रदायिक दंगों को अंजाम देने के लिए राज्य के बाहर से गुंडे बुलाते रहे हैं। उनके जुलूसों को किसी ने नहीं रोका, लेकिन उन्हें तलवारें और बुलडोजर लेकर मार्च करने का अधिकार नहीं है। उन्हें हावड़ा में ऐसा करने का दुस्साहस कैसे हो गया?
संभाजीनगर में हुई झड़प
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पुराना नाम औरंगाबाद) के किराडपुरा इलाके में भी दो समूहों के बीच झड़प हुई और पथराव किया गया। साथ ही, कुछ निजी और पुलिस के वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग किया। इस घटना पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने अधिकारियों से बात की है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। 
गुजरात के वडोदरा में हुई हिंसा
गुजरात के वडोदरा में हुए हंगामे पर पुलिस उपाधीक्षक यशपाल जगनिया ने कहा कि इस दौरान कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। जुलूस पुलिस सुरक्षा में पूर्व निर्धारित मार्ग से निकाला गया। जगनिया और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना का पता चलने के बाद मौके पर पहुंचे थे। घटना उस समय की है, जब जुलूस एक मस्जिद के निकट पहुंचा और लोगों ने मौके पर पहुंचना शुरू कर दिया। यह सांप्रदायिक दंगा नहीं है। हमने भीड़ को तितर-बितर किया और जुलूस आगे बढ़ा। 
लखनऊ में भी हुआ हंगामा
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भी रामनवमी पर हंगामा हुआ है। डीसीपी नॉर्थ लखनऊ कासिम आबिदी ने कहा कि सुमित नाम के एक व्यक्ति के साथ 10-15 लोग डीजे पर कुछ संगीत बजा रहे थे, जिसके बाद लोगों के दो समूहों के बीच बहस छिड़ गई। इस पर एक अन्य समूह की ओर आपत्ति जताई गई। दोनों गुटों को हिरासत में लिया गया। इलाके में शांति है।
दिल्ली में स्थिति रही तनावपूर्ण
दिल्ली में भी रामनवमी के त्योहार पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में रामनवमी के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने नियमों के खिलाफ मार्च निकाला, जिसके बाद इलाके में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टालने के लिए दंगा रोधी बल को तैनात करना पड़ा। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।