भारत ने रचा इतिहास, महिला विश्व कप जीतकर किया नया कीर्तिमान स्थापित
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया..
मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 50 ओवर में 298 रन बनाये। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम पूरी तरह दबाव में दिखी और 46.3 ओवर में 246 रन पर ऑलआउट हो गई।
शेफाली वर्मा का कमाल और दीप्ति शर्मा का डबल धमाका
भारत की युवा स्टार शेफाली वर्मा ने फाइनल मुकाबले में 87 रन की शानदार पारी खेली और गेंदबाज़ी में दो अहम विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।
वहीं ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 58 रन की पारी के साथ गेंदबाज़ी में पांच विकेट झटके। वह महिला विश्व कप इतिहास की पहली खिलाड़ी बनीं जिन्होंने एक ही मैच में अर्धशतक और 5 विकेट दोनों लिये।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान वोल्वार्ड्ट की जुझारू पारी
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 101 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ उनका साथ नहीं दे सकीं। अंततः भारतीय गेंदबाज़ों ने लगातार विकेट निकालते हुए जीत पक्की कर दी।
हरमनप्रीत कौर बनीं सबसे उम्रदराज विजेता कप्तान
36 साल की उम्र में हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला टीम को पहली बार विश्व कप दिलाकर नया इतिहास रच दिया। वह महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे उम्रदराज कप्तान बन गईं जिन्होंने टीम को खिताबी जीत दिलाई।
भारत ने बनाए कई रिकॉर्ड
- भारत ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप जीता।
- टूर्नामेंट में तीन मैच हारने के बाद भी खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी भारत।
- दीप्ति शर्मा का अर्धशतक और 5 विकेट वाला प्रदर्शन विश्व कप इतिहास में अद्वितीय रिकॉर्ड रहा।
बीसीसीआई का ऐलान – खिलाड़ियों पर बरसेगा इनाम
बीसीसीआई ने महिला टीम के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए ₹51 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। यह इनाम खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम सभी को मिलेगा।
बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, “यह सिर्फ एक क्रिकेट जीत नहीं है, बल्कि भारतीय महिलाओं की खेलों में समानता की दिशा में एक बड़ा कदम है। हमारी बेटियों ने देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है।”
देशभर में जश्न का माहौल
टीम इंडिया की जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री और खेल मंत्री ने ट्वीट कर महिला खिलाड़ियों को बधाई दी। सोशल मीडिया पर #WomenInBlue और #WorldChampions ट्रेंड करने लगा।
What's Your Reaction?