देश में 13 नये राज्यपालों की नियुक्ति, राजस्थान के गुलाबचंद कटारिया होंगे असम के राज्यपाल
<p><em>देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार, 12 फरवरी को 13 नये राज्यपालों की नियुक्ति कर दी है। इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के लेफ्टिनेंस गवर्नर राधा कृष्णन माथुर का त्यागपत्र भी स्वीकार कर लिया है। इस मामले में जारी पत्र के मुताबिक राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया को असम, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम, सीपी राधाकृष्णन को झारखंड, शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश और एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।</em></p>
इसी तरह आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर, मणिपुर के राज्यपाल गणेशन को नागालैंड, बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार, झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया है। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर डॉ. बी.डी. मिश्रा को लद्दाख का लेफ्टिनेंस गवर्नर यानी उप राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ये सभी नियुक्तियां उन तारीखों से प्रभावी होंगी, जिन तारीखों से नवनियुक्त राज्यपाल अपने-अपने कार्यालयों का प्रभार ग्रहण करेंगे।
बजट सत्र के बीच ही कटारिया बने राज्यपाल
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ और राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया 78 वर्ष के हैं और उन्हें असम का राज्यपाल का पद नियुक्त किया गया है। राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है और ऐसे में कटारिया की असम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति के बाद भारतीय जनता पार्टी को नया नेता प्रतिपक्ष चुनना होगा। कटारिया वर्ष 2003 से लगातार उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे राजस्थान में गृह, शिक्षा, ग्रामीण विकास और पंचायती राज, आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं। गुलाब चंद कटारिया एक बार सांसद भी रह चुके हैं।
राज्यपाल नियुक्त किए जाने की घोषणा के बाद कटारिया ने जयपुर में कहा कि उन्हें पहले इसकी कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि परसों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बात हुई थी। गुलाब चंद कटारिया ने कहा, मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। परसों प्रधानमंत्री जी ने फोन जरूर किया कि कैसे हैं, क्या चल रहा है। बस इतना पूछा और इससे अधिक कोई जानकारी नहीं दी। इसके अलावा कटारिया ने कहा कि उन्होंने कभी पार्टी से कोई पद नहीं मांगा, जो जिम्मेदारी दी गई उसे निभाया है।
उल्लेखनीय है कि फिलहाल राजेंद्र सिंह राठौड़ राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हैं। राठौड़, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सहित अनेक नेताओं ने कटारिया को बधाई दी है। पूनियां ने ट्वीट किया कि गुलाबचंद कटारिया जी को असम के माननीय राज्यपाल बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उपनेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने भी ट्वीट कर कहा कि राजस्थान विधानसभा में मुखरता से जनता की आवाज बुलंद करने वाले, शुचिता की राजनीति के पर्याय आदरणीय नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
What's Your Reaction?