‘बिपरजॉय’ बना बेहद खतरनाक: इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
<p><em><strong>भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को जानकारी दी थी कि पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर स्थित बिपरजॉय बेहद खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा।</strong></em></p>
एक बार फिर तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग की माने तो बिपरजॉय और भी भयानक रूप ले सकता है। रविवार सुबह कहा गया था कि अगले कुछ घंटों के भीतर यह बेहद खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। आखिरकार, रविवार करीब डेढ़ बजे बिपरजॉय बेहद खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल गया।
इस तूफान का असर कई तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। इस दौरान यहां तूफान व तेज बारिश होने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि ‘बिपरजॉय’ के उत्तर की ओर बढ़ने के आसार है। यहां तक कि, गुरुवार को पाकिस्तान और उससे सटे सौराष्ट्र और कच्छ के तटों तक इसके पहुंचने की संभावना है।
पाकिस्तान पर भी होगा असर
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को जानकारी देते हुए कहा कि पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर स्थित बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय अत्यंत खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसका असर पाकिस्तान तक देखा जाएगा। 15 जून तक यह खतरनाक बिपरजॉय पाकिस्तान और उससे सटे तट तक पहुंच जाएगा।
15 जून को सबसे अधिक खतरा
चक्रवात बिपरजॉय अरब सागर में केंद्रित है। यह पोरबंदर के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 450 किमी की दूरी पर है। हमारा पूर्वानुमान इसके उत्तर में बढ़ने का है। यह 15 जून की दोपहर तक कच्छ के तट को पार करेगा, जिसकी रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटा का पूर्वानुमान लगाई है। मौसम विज्ञान महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि 15 जून को सबसे अधिक खतरा है और सब लोग घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें। तूफान से पेड़, बिजली के खंबे, सेलफोन टॉवर उखड़ सकते हैं, जिसकी वजह से बिजली और दूरसंचार में व्यवधान आ सकता है। इसकी वजह से खड़ी फसलों का भी नुकसान होगा।
राजस्थान में कहीं लू तो कहीं बारिश की संभावना
राजस्थान में अगले सप्ताह कुछ हिस्सों में चक्रवाती तूफान के कारण बारिश हो सकती है। बता दें, राजस्थान के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में 14-15 जून को बारिश हो सकती है। वहीं, जोधपुर और उदयपुर जिलों में आंधी के साथ बारिश की भी संभावना है।
14 जून तक बंद रहेगा ये बीच
गौरतलब है, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और अन्य तटीय क्षेत्रों को शनिवार को अलर्ट पर रखा गया था, क्योंकि मौसम विज्ञानियों ने चेतावनी दी थी कि अगले 24 घंटों में अरब सागर के ऊपर बिपरजॉय तेज होगा। अरब सागर तट पर वलसाड के तीथल बीच पर ऊंची लहरें देखे जाने के बाद इसे 14 जून तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
भारी बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार, बिपरजॉय उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण भारतीय क्षेत्र में अगले चार दिनों में बारिश होने की संभावना है। जहां केरल और तटीय कर्नाटक में सोमवार तक भारी बारिश होने की संभावना है, वहीं लक्षद्वीप में रविवार तक बारिश होगी।
महाराष्ट्र के ये तटीय इलाके अलर्ट पर
एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों सहित महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में अगले 24 घंटों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
What's Your Reaction?