पांच सालों से जिसे ढूंढ़ रही थी बिहार पुलिस, वो लड़की दिल्ली पुलिस में बन गई कांस्टेबल..!
<p><em><strong>भारत में ऐसी विचित्र घटनाएं अक्सर फिल्मों में ही देखने और सुनने को मिलती हैं। व्यक्ति को कहीं ढूंढ़ो और वह कहीं और स्थान पर मिलता है। बचपन में खोया हुआ व्यक्ति कभी डॉक्टर, इंजीनियर तो कभी डाकू या फिर पुलिस अफसर बना हुआ मिलता है। मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना में केस रिव्यू के दौरान ऐसा ही एक रोचक मामला सामने आया है। जिस लड़की के अपहरण की फाइल पुलिस बीते पांच साल से ढो रही थी, वह युवती दिल्ली पुलिस की कांस्टेबल बन गई। जांच में सामने आने के बाद पुलिस ने युवती से सम्पर्क किया और उसे कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराने को कहा। इसके बाद बीते सोमवार को युवती बोचहां थाना पहुंची जहां से पुलिस ने कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया।</strong></em></p>
इस केस के जांच अधिकारी रामा शंकर प्रसाद ने बताया कि वह अपने अधिकारियों के साथ लंबित मामलों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान एक जून 2018 में थाना क्षेत्र के एक नाबालिग लडकी का केस सामने आया। इसके बाद संबंधित अधिकारी को केस की जांच करने और लड़की के स्वजन और आरोपितों के स्वजन से जानकारी लेने को कहा।
जांच में पाया गया कि लड़की दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल में कार्य कर रही है। इसके बाद लड़की से संपर्क किया गया और उसे अपना बयान दर्ज कराने को कहा गया। लड़की से जब पूछताछ की गई तो उसने सारी कहानी पुलिस के समक्ष बताई तो लोगों ने उसके हौसले को सलाम किया।
कुछ बनने को छोड़ा था घर
युवती ने बताया कि उसके पिता एक मजदूर हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं थी। उसने सोचा कि कुछ कर दिखाना है। इसके बाद वह दिल्ली चली गई और वहां पढ़ाई शुरू कर दी। संघर्ष तो बहुत करना पड़ा लेकिन अंततः दिल्ली पुलिस कांस्टेबल में उसका चयन हो गया और अभी वो ट्रेनिंग कर रही है।
What's Your Reaction?