जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भीषण आग, 6 मरीजों की मौत

राजस्थान की राजधानी जयपुर के सरकारी सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात लगी भीषण आग में छह गंभीर मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि..

जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भीषण आग, 6 मरीजों की मौत
06-10-2025 - 10:24 AM

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सरकारी सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात लगी भीषण आग में छह गंभीर मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि न्यूरो आईसीयू में कुल 11 मरीज भर्ती थे, तभी स्टोरेज एरिया में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है..
पिंटू (सीकर), दिलीप (आंधी, जयपुर), श्रीनाथ, रुक्मिणी, खुर्मा (सभी भरतपुर से) और बहादुर (सांगानेर, जयपुर)।  डॉ. धाकड़ ने बताया, इनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य 14 मरीज जो दूसरे आईसीयू में थे, उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।”

आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। धुएं से पूरा वार्ड भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। स्टोरेज एरिया में रखे दस्तावेज़, आईसीयू उपकरण, ब्लड सैंपल ट्यूब और अन्य सामान जलकर राख हो गए।

अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों ने मिलकर कई मरीजों को बिस्तर सहित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दमकल कर्मियों के अनुसार जब वे पहुंचे, पूरा वार्ड धुएं से घिरा हुआ था। उन्हें आग बुझाने के लिए इमारत के विपरीत दिशा में स्थित खिड़की तोड़नी पड़ी।

घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेधम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

शुरुआती जांच के दौरान दो मरीजों के परिजनों ने गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमने धुआं निकलते देखा और तुरंत स्टाफ को बताया, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। जब आग लगी तो वही लोग सबसे पहले भाग गए। अब हमें अपने मरीजों की कोई जानकारी नहीं मिल रही।”

बाद में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों और मरीजों से बातचीत की और आग लगने की घटना की पूरी रिपोर्ट तलब की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।