महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और देश के प्रमुख राजनेताओं में शामिल अजित पवार का बुधवार (28 जनवरी) को एक विमान हादसे में निधन हो गया। वह विमान में छह अन्य लोगों के साथ यात्रा कर रहे थे..
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और देश के प्रमुख राजनेताओं में शामिल अजित पवार का बुधवार (28 जनवरी) को एक विमान हादसे में निधन हो गया। वह विमान में छह अन्य लोगों के साथ यात्रा कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन राहत टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।
अजित पवार महाराष्ट्र के आठवें उपमुख्यमंत्री थे और राज्य में सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने का रिकॉर्ड उनके नाम है। उन्होंने गैर-लगातार छह कार्यकाल तक उपमुख्यमंत्री के रूप में सेवा दी थी।
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संपर्क कर बारामती में हुए विमान हादसे की जानकारी ली।
अधिकारियों के अनुसार विमान हादसे में अजित पवार के अलावा उनके सुरक्षा कर्मी विधित जाधव, पायलट सुमित कपूर और शांभवी पाठक तथा एक अन्य यात्री पिंकी जाधव की भी मौत हो गई। उड़ान विवरण के अनुसार, विमान ने सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी और उसे सुबह 8:50 बजे बारामती में उतरना था।
हादसा सुबह 8:48 बजे हुआ, जब मुंबई से बारामती जा रहा लियर जेट 45 विमान (पंजीकरण संख्या VT-SSK) लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और उसमें आग लग गई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने पुष्टि की कि विमान में अजित पवार, उनके सुरक्षा दल के दो सदस्य और दो क्रू मेंबर सवार थे और इस दुर्घटना में सभी छह लोगों की मौत हो गई।
अजित पवार पुणे जिले के अपने गृह नगर बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें जिला परिषद चुनावों से पहले चार जनसभाओं को संबोधित करना था। पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप गिल ने बताया, “अब तक छह शवों को अस्पताल पहुंचाया गया है। जब विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, तो सबसे पहले तीन शव बरामद किए गए थे।” अजित पवार के करीबी सहयोगी किरण गुर्जर ने भी मौत की पुष्टि करते हुए कहा, “अजित पवार सहित सभी छह लोगों को मृत अवस्था में लाया गया।”
बारामती हवाई अड्डे के प्रबंधक शिवाजी तावरे ने बताया, “विमान VT-SSK लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी वह रनवे के किनारे चला गया और टकराते ही उसमें विस्फोट हो गया।” उन्होंने बताया कि यह लियर जेट 45 मुंबई से चार्टर्ड किया गया था।
गौरतलब है कि बारामती हवाई अड्डा पहले एक निजी संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिसे हाल ही में महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी को सौंपा गया था।
What's Your Reaction?