हॉट एयर बैलून में चढ़े सीएम मोहन यादव पर उड़ान रह गयी अधूरी, बचे बाल-बाल..!
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट दौरा शनिवार को उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब उनका हॉट एयर बैलून हवा में उड़ान नहीं भर पाया। वजह बनीं अचानक तेज़ हवाएँ और बैलून के हिस्से में उठी आग की लपटें..
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट दौरा शनिवार को उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब उनका हॉट एयर बैलून हवा में उड़ान नहीं भर पाया। वजह बनीं अचानक तेज़ हवाएँ और बैलून के हिस्से में उठी आग की लपटें।
हालांकि, सुरक्षा टीम की तत्परता ने पूरे मामले को संभाल लिया। ट्रॉली मजबूती से थामी गई और मुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने फौरन आग पर काबू पाया।
उड़ान से पहले ही थम गया रोमांच
सुबह चंबल नदी में बोटिंग का आनंद लेने के बाद सीएम यादव हॉट एयर बैलून की सवारी के लिए पहुँचे। जैसे ही वे ट्रॉली में सवार हुए, आसमान में उड़ने का रोमांच शुरू होने ही वाला था कि तेज़ हवा चलने लगी। तभी बैलून के निचले हिस्से में लपटें तेज हो उठीं। सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और संभावित खतरे को टाल दिया।
हेलिकॉप्टर से इंदौर रवाना
हॉट एयर बैलून की सवारी अधूरी रह गई और मुख्यमंत्री ने तय किया कि अब सफ़र आसमान का ही होगा, लेकिन हेलिकॉप्टर से। इसके बाद वे सीधे इंदौर के लिए रवाना हो गए।
शुक्रवार की शाम बनी यादगार
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने गांधीसागर में चंबल नदी की लहरों पर क्रूज़ यात्रा का आनंद लिया। नैसर्गिक सौंदर्य से अभिभूत होकर उन्होंने गीत भी गुनगुनाए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की।
सीएम ने कहा कि चंबल की स्वच्छ जलधारा और प्राकृतिक वातावरण प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देंगे। यहाँ आने वाला हर पर्यटक प्रकृति की गोद में आत्मिक सुकून पाएगा।
What's Your Reaction?