अमृतसर में सनसनी: शादी समारोह में मेहमान बनकर आए दो हमलावरों ने आप सरपंच को गोली मारकर हत्या की

पंजाब के अमृतसर में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता और गांव के सरपंच की शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने मेहमान बनकर समारोह में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम..

अमृतसर में सनसनी: शादी समारोह में मेहमान बनकर आए दो हमलावरों ने आप सरपंच को गोली मारकर हत्या की
आम आदमी पार्टी के नेता और ग्राम सरपंच की जिस शादी में कथित तौर पर हत्या हुई, वहां मौजूद पुलिस
05-01-2026 - 10:56 AM
22-04-2026 - 05:53 PM

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता और गांव के सरपंच की शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने मेहमान बनकर समारोह में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमैल सिंह (50) के रूप में हुई है। यह घटना अमृतसर में वेरका बाइपास के पास स्थित एक रिसॉर्ट में हुई, जहां शादी समारोह चल रहा था। आरोप है कि दो लोगों ने मेहमान बनकर समारोह में घुसकर सरपंच को बेहद नजदीक से गोली मारी।

यह चौंकाने वाली वारदात उस समय हुई, जब आप के खेमकरण से विधायक सरवन सिंह धुन भी उसी कार्यक्रम में मौजूद थे। यह घटना मोगा जिले के भिंडर कलां गांव में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने के ठीक एक दिन बाद सामने आई है।

अमृतसर की यह हत्या कुछ ही सप्ताह पहले मोहाली में हुए कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया (30) की हत्या के बाद हुई है। राणा को 15 दिसंबर को मोहाली में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान तीन हमलावरों ने गोली मार दी थी।

जरमैल सिंह की तरह ही राणा बलाचौरिया की भी सार्वजनिक स्थान पर, कई खिलाड़ियों और दर्शकों की मौजूदगी में शाम करीब 5.30 बजे गोली मारकर हत्या की गई थी। यह वारदात सेक्टर-79 स्थित सोहाना थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई थी।

प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारियों ने बताया कि सरपंच के सिर में गोली लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अमृतसर सिटी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस जगजीत सिंह वालिया ने कहा, “हमने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।”

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार को ही पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और शादी में मौजूद मेहमानों से पूछताछ शुरू की। गोलीबारी को अपनी आंखों से देखने वाले गवाहों से भी बयान लिए जा रहे हैं।

घटना का विवरण देते हुए विधायक सरवन सिंह धुन ने कहा, “हम सभी एक साथ समारोह में थे और चाय पी। इसके बाद मैं लंच करने के लिए हॉल के अंदर चला गया। जरमैल सिंह अन्य मेहमानों के साथ आंगन में बैठे रहे। अचानक हॉल के बाहर फायरिंग की सूचना मिली। जब मैं बाहर पहुंचा तो देखा कि जरमैल सिंह गंभीर रूप से घायल थे और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था।”

विधायक धुन ने आरोप लगाया कि मृतक को हाल ही में फिरौती के लिए धमकी भरे फोन आ रहे थे। उन्होंने कहा, “इस संबंध में उन्होंने कुछ समय पहले वल्टोहा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की थी।”

इस घटना को लेकर कांग्रेस ने पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए राज्य में “कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त” होने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता परगट सिंह ने कहा, “पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है। पिछले 48 घंटों में ही दो युवा राजनीतिक नेताओं की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। लोग लगातार डर के माहौल में जी रहे हैं और गैंगस्टर खुलेआम हावी हैं। हाल के वर्षों में राज्य ने ऐसी अराजक स्थिति कभी नहीं देखी।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।