धौलपुर में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सेना तैनात; राजस्थान के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

राजस्थान के धौलपुर जिले में भारी बारिश के चलते उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए गुरुवार को सेना को राहत और बचाव कार्यों में जिला प्रशासन की सहायता के लिए बुलाया गया..

धौलपुर में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सेना तैनात; राजस्थान के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित
02-08-2025 - 09:32 AM
22-04-2026 - 05:53 PM

जयपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में भारी बारिश के चलते उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए गुरुवार को सेना को राहत और बचाव कार्यों में जिला प्रशासन की सहायता के लिए बुलाया गया।

धौलपुर के अलावा करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और कोटा के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह की बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

चंबल नदी खतरे के निशान से 12 मीटर ऊपर

चंबल नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार रात 10 बजे के आसपास यह 141.10 मीटर पर बह रही थी, जो कि खतरे के निशान से लगभग 12 मीटर अधिक है। गुरुवार तक यह स्तर 2 मीटर और बढ़ गया, जिससे धौलपुर शहर का पुराना चंबल पुल पानी में डूब गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धौलपुर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने बुधवार रात को ही सेना की मदद मांगी। गुरुवार को सेना की राहत टीमें धौलपुर पहुंच गईं।

एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमें भी जुटीं

धौलपुर शहर के बाहरी क्षेत्रों और राजाखेड़ा एवं सरमथुरा इलाकों में एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार बचाव व राहत अभियान चलाया जा रहा है।

सवाई माधोपुर में बनास नदी का कहर

सवाई माधोपुर जिले में बनास नदी उफान पर है। इसकी चपेट में कई गांव, निचले इलाके और रणथंभौर अभयारण्य के कुछ हिस्से आ गए हैं। राहत दल दिन-रात लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। बुधवार से अब तक करीब 100 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया है।

अन्य जिलों में भी बारिश से हाहाकार

राज्य के सीकर, अलवर, टोंक, बूंदी और जयपुर समेत कई शहरों में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

स्कूलों की छुट्टी बढ़ी

भरतपुर, धौलपुर और सवाई माधोपुर जैसे जिलों में स्कूलों की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इन जिलों में स्कूल 2 अगस्त तक बंद रहेंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।