असम के सुर सम्राट ज़ुबिन गर्ग नहीं रहे, तीन दिन का राजकीय शोक घोषित
असम के लोकप्रिय गायक और संगीतकार ज़ुबिन गर्ग का शुक्रवार को सिंगापुर में निधन हो गया। 52 वर्षीय गर्ग की यॉट पर तैराकी के दौरान तबीयत बिगड़ गई और दौरा (सीज़र) पड़ने के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने दोपहर 2.50 बजे उन्हें मृत घोषित..
गुवाहाटी। असम के लोकप्रिय गायक और संगीतकार ज़ुबिन गर्ग का शुक्रवार को सिंगापुर में निधन हो गया। 52 वर्षीय गर्ग की यॉट पर तैराकी के दौरान तबीयत बिगड़ गई और दौरा (सीज़र) पड़ने के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने दोपहर 2.50 बजे उन्हें मृत घोषित किया।
असम सरकार ने उनके निधन पर 20 से 22 सितंबर तक तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राज्य में कोई भी सरकारी सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनोरंजन आयोजन या सरकारी भोज नहीं होगा।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शनिवार को नई दिल्ली में गर्ग का पार्थिव शरीर प्राप्त करेंगे। रविवार सुबह इसे गुवाहाटी लाया जाएगा। शव को पहले उनके काहिलीपाड़ा स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा और बाद में सरुसजाई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आमजन उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
सीएम सरमा ने बताया कि परिवार को अंतिम निजी क्षण बिताने के लिए विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि गर्ग की अचानक हुई मौत की जांच सीआईडी को सौंपी गई है। श्यामकानु महंता (नॉर्थईस्ट फेस्टिवल आयोजक) और सिद्धार्थ शर्मा (गायक के मैनेजर) से जुड़े कई मामलों को भी सीआईडी को स्थानांतरित किया गया है ताकि एकीकृत जांच हो सके।
गौरतलब है कि ज़ुबिन गर्ग ने अपने करियर में असमिया और हिंदी फिल्मों को कई सुपरहिट गाने दिए। बॉलीवुड फिल्म गैंगस्टर का गीत ‘या अली’ ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी। उनके निधन से असम की सांस्कृतिक धरोहर को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
भारत और विदेशों से लाखों प्रशंसक और नामचीन हस्तियाँ सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कर रहे हैं।
What's Your Reaction?