ऐक्सिओम-4 मिशन: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे
देश के लिए गर्व का क्षण रहा जब भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर अपने 18 दिनों के ऐतिहासिक वैज्ञानिक मिशन को सफलतापूर्वक पूरा कर पृथ्वी पर सुरक्षित लौट आए..
नयी दिल्ली। देश के लिए गर्व का क्षण रहा जब भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर अपने 18 दिनों के ऐतिहासिक वैज्ञानिक मिशन को सफलतापूर्वक पूरा कर पृथ्वी पर सुरक्षित लौट आए। स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल ‘ग्रेस’ में सवार शुक्ला और उनके तीन बहुराष्ट्रीय साथी कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में सफलतापूर्वक स्प्लैशडाउन (जल अवतरण) के जरिए वापस लौटे।
शुक्ला की यह वापसी ऐक्सिओम-4 (Ax-4) मिशन के सफल समापन का प्रतीक है, जिसमें वह अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय और ISS का दौरा करने वाले पहले भारतीय बने। पूरे देश ने, उनके परिवार सहित, टीवी और ऑनलाइन माध्यमों से वह क्षण देखा जब कैप्सूल ने पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश किया और 22.5 घंटे की अंतरिक्ष यात्रा के बाद सुरक्षित उतर गया।
पृथ्वी पर वापसी से पहले शुक्ला ने अंतरिक्ष से एक भावुक विदाई संदेश दिया, जिसमें उन्होंने आधुनिक भारत को "महत्त्वाकांक्षी, निडर, आत्मविश्वासी और गर्व से भरा हुआ" बताया। भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के शब्दों की गूंज के साथ उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष से भारत अब भी "सारे जहां से अच्छा" दिखता है।
जैसे ही स्पेसएक्स ने सुरक्षित जल अवतरण की पुष्टि की, पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “उन्होंने अपने समर्पण, साहस और पथप्रदर्शक भावना से एक अरब सपनों को प्रेरित किया है।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी इस उपलब्धि पर बधाई दी। नड्डा ने इसे “भारत की अंतरिक्ष यात्रा का एक स्वर्णिम अध्याय” बताया।
What's Your Reaction?