भिवाड़ी पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन: 60 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक (SP) जेष्ठा मैत्रेयी के नेतृत्व में सोमवार को एक बड़े तलाशी अभियान में 60 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया..
अलवर। भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक (SP) जेष्ठा मैत्रेयी के नेतृत्व में सोमवार को एक बड़े तलाशी अभियान में 60 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई भिवाड़ी, टपूकरा, खुशखेड़ा, तिजारा सहित आसपास के औद्योगिक इलाकों में की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में 25 पुरुष, 24 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल हैं।
सर्च ऑपरेशन फूलबाग, फेज-3, चौपांकी, खुशखेड़ा, टपूकरा, तिजारा, शेखपुर अहीर, और जैराली थाना क्षेत्र में चलाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई खुफिया सूचनाओं और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर की गई।
भिवाड़ी ASP अतुल साहू ने बताया कि पूछताछ में यह सामने आया है कि ये बांग्लादेशी नागरिक दिल्ली-एनसीआर में सस्ते श्रमिक के रूप में काम करने के लिए रहते हैं। वे कोलकाता के रास्ते दिल्ली पहुंचते हैं और फिर भिवाड़ी व आसपास के क्षेत्रों में बस जाते हैं। ये लोग अक्सर कचरा बीनने, डंपिंग यार्ड में काम करने या सड़क किनारे छोटे-मोटे श्रम कार्य करते हैं।
साहू के अनुसार, ये लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते हैं — कभी भिवाड़ी, कभी गुरुग्राम या धारूहेड़ा — जिससे इनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण होता है।
SP जेष्ठा मैत्रेयी ने स्थानीय निवासियों और व्यवसायिक संगठनों से अपील की है कि वे अपने कर्मचारियों और किराएदारों का पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई राज्य सरकार और गृह मंत्रालय के निर्देशों के आधार पर की जाएगी।
What's Your Reaction?