गाजियाबाद आत्महत्या मामला: सुसाइड नोट ने खोली जुनून और एकांत की परतें

गाजियाबाद में एक अपार्टमेंट की नौवीं मंज़िल से तीन सौतेली बहनों के कूदकर जान देने के कुछ ही घंटों बाद, जांचकर्ताओं ने एक ऐसे परिवार की तस्वीर जोड़नी शुरू की जो साथ तो रहता था लेकिन आपस में शायद ही जुड़ पाया था और तीन ऐसी बच्चियों की, जो पुलिस के मुताबिक धीरे-धीरे न सिर्फ बाहरी दुनिया से बल्कि अपने ही परिवार से भी कटती..

गाजियाबाद आत्महत्या मामला: सुसाइड नोट ने खोली जुनून और एकांत की परतें
05-02-2026 - 10:59 AM

गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक अपार्टमेंट की नौवीं मंज़िल से तीन सौतेली बहनों के कूदकर जान देने के कुछ ही घंटों बाद, जांचकर्ताओं ने एक ऐसे परिवार की तस्वीर जोड़नी शुरू की जो साथ तो रहता था लेकिन आपस में शायद ही जुड़ पाया था और तीन ऐसी बच्चियों की, जो पुलिस के मुताबिक धीरे-धीरे न सिर्फ बाहरी दुनिया से बल्कि अपने ही परिवार से भी कटती चली गई थीं।

फ्लैट से बरामद आठ पन्नों के सुसाइड नोट से सामने आया है कि लड़कियों को अपने सौतेले भाई या परिवार के अन्य सदस्य “पसंद नहीं” थे। जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, उनका मानना था कि उनके आसपास कोई भी व्यक्ति कोरियाई संस्कृति के प्रति उनके गहरे लगाव को समझ नहीं पाया।

पुलिस का कहना है कि तीनों बहनें के-ड्रामा और के-पॉप में पूरी तरह डूबी हुई थीं। उन्होंने अपने दिए गए नाम छोड़ दिए थे और खुद को अलिज़ा, सिंडी और मारिया कहने लगी थीं। जांचकर्ताओं के मुताबिक, वे अपने इस बंद-से-दुनिया वाले निजी संसार में लगातार इन्हीं नामों का इस्तेमाल करती थीं।

मात्र 16, 14 और 11 साल की ये तीनों लड़कियां बुधवार तड़के करीब 2 बजे गाजियाबाद के भारत सिटी स्थित अपने फ्लैट से नौ मंज़िल नीचे गिरने से मौत का शिकार हो गईं।

जांच से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, लड़कियों ने एक वैकल्पिक पहचान को पूरी तरह अपने भीतर बसा लिया था। सुसाइड नोट में उन्होंने बार-बार लिखा है कि न तो उनका भाई और न ही परिवार का कोई और सदस्य उनके कोरिया प्रेम को समझ सका।”

अधिकारी के अनुसार, नोट में साफ लिखा है कि उन्हें अपने सौतेले भाई से लगाव नहीं था। वे उसे सिर्फ “भाई” कहकर संबोधित करती थीं और शिकायत करती थीं कि वह और परिवार के अन्य सदस्य उनकी रुचियों का सम्मान नहीं करते।
अधिकारी ने बताया, उनके पास एक ही मोबाइल फोन था, जिससे वे शो देखती थीं। इसके अलावा घर में एक टीवी भी था, जिस पर वे के-ड्रामा और फिल्में देखती थीं। नोट में उन्होंने लिखा है कि उन्हें कोरिया, चीन, जापान और थाईलैंड पसंद हैं और वहां के लोग अच्छे लगते हैं। वे इस बात से दुखी थीं कि वे वहां जाकर रह नहीं सकतीं।”

जटिल पारिवारिक ढांचा

पुलिस के मुताबिक, परिवार की संरचना खुद काफी जटिल थी। पिता शेयर बाज़ार में ट्रेडिंग करते हैं और सब्ज़ी मंडी में उनकी एक छोटी दुकान भी है। उनकी दो शादियों से बच्चे हैं।
पुलिस के अनुसार 16 साल की बड़ी लड़की और 13 साल का एक बेटा उनकी पहली शादी से हैं। इसके अलावा 14 और 11 साल की लड़कियां उनकी दूसरी पत्नी से हैं, जो पहली पत्नी की छोटी बहन बताई जा रही है।

घर में एक चार साल की बच्ची भी रहती है। मामले से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, यह बच्ची कथित तौर पर तीसरी पत्नी की संतान है, जो पहली दो पत्नियों की ही एक और बहन है। पुलिस ने पुष्टि की है कि व्यक्ति के कई वैवाहिक संबंध रहे हैं और पूरा परिवार एक ही छत के नीचे रहता था, हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस पहलू की अभी और जांच की जा रही है।

अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने कहा, घर के भीतर रिश्तों की गतिशीलता बेहद जटिल थी। सभी सदस्य 3BHK फ्लैट में साथ रहते थे। हम यह जांच कर रहे हैं कि ये रिश्ते कैसे काम कर रहे थे और क्या इनका इस घटना से कोई संबंध है।”

असामान्य रूप से एक-दूसरे पर निर्भर

जांचकर्ताओं का कहना है कि तीनों बहनें असामान्य रूप से एक-दूसरे से जुड़ी हुई थीं। पिता ने पूछताछ में पुलिस को बताया, वे साथ नहाती थीं, साथ खाती थीं, साथ सोती थीं, यहां तक कि बाथरूम भी साथ जाती थीं।”

टीला मोड़ थाने के एसएचओ रवि बाल्यान के मुताबिक, 14 साल की लड़की समूह में सबसे प्रभावशाली थी। उन्होंने कहा, वही ‘लीडर’ थी। अगर वह खाना नहीं खाती थी, तो बाकी दोनों भी नहीं खाती थीं। वे पूरे-पूरे दिन एक ही कमरे में साथ बिताती थीं।” उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट उसी ने पूजा घर से मिली डायरी में लिखा था।

पूरी तरह सामाजिक अलगाव

तीनों लड़कियों का अपने सौतेले भाई समेत किसी से खास संपर्क नहीं था। वे स्कूल नहीं जाती थीं, शायद ही कभी बाहर निकलती थीं और मोहल्ले में उनके कोई दोस्त नहीं थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, उनकी कोई सामाजिक ज़िंदगी नहीं थी।”

पुलिस के अनुसार, लड़कियों ने करीब 2020 से स्कूल जाना बंद कर दिया था। बड़ी लड़की ने कक्षा 7 तक, मंझली ने कक्षा 5 तक और सबसे छोटी ने कक्षा 3 तक पढ़ाई की थी। इससे पहले बड़ी लड़की ने कुछ समय नैनीताल के एक निजी स्कूल में भी पढ़ाई की थी।

फोन और इंटरनेट पर रोक बनी तनाव की वजह

जांचकर्ताओं का मानना है कि घटना से कुछ दिन पहले तनाव काफी बढ़ गया था, जब पिता ने फोन और इंटरनेट के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी। तीनों लड़कियां एक ही मोबाइल फोन साझा करती थीं, जिसका वे बड़े पैमाने पर के-ड्रामा देखने के लिए इस्तेमाल करती थीं।

पुलिस के अनुसार, पिता ने आर्थिक तंगी के चलते वह फोन 3,500 रुपये में बेच दिया था। इसके अलावा करीब 10 दिन पहले उन्होंने लड़कियों को सोशल मीडिया का वह अकाउंट भी डिलीट करने के लिए मजबूर किया था, जिसके लगभग 2,000 फॉलोअर्स थे।

एक अधिकारी ने कहा, इससे वे बेहद नाराज़ हो गई थीं। उनकी ऑनलाइन दुनिया ही उनके लिए सब कुछ थी।”

घटना की रात

पुलिस के मुताबिक, घटना की रात लड़कियां आखिरी बार अपनी मां के कमरे में देखी गई थीं, जिसके बाद वे पूजा कक्ष में चली गईं। वहां का दरवाज़ा अंदर से बंद था। एक महिला ने दरवाज़ा बंद देखा और खटखटाना शुरू किया। कुछ ही देर में पिता भी वहां पहुंच गए।

एक अधिकारी ने बताया, वे लगातार आवाज़ लगाते रहे, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इससे पहले कि वे दरवाज़ा तोड़ पाते, लड़कियों ने छलांग लगा दी।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।