संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक, 1 फरवरी को रविवार के दिन पेश होगा आम बजट

संसद का बजट सत्र इस वर्ष 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। सत्र के पहले चरण की कार्यवाही 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगी, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा। परंपरा के अनुसार, 1 फरवरी को ही केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा, भले ही इस बार यह दिन रविवार..

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक, 1 फरवरी को रविवार के दिन पेश होगा आम बजट
10-01-2026 - 09:47 AM

नयी दिल्ली। संसद का बजट सत्र इस वर्ष 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। सत्र के पहले चरण की कार्यवाही 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगी, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा। परंपरा के अनुसार, 1 फरवरी को ही केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा, भले ही इस बार यह दिन रविवार हो।

चूंकि इस साल 1 फरवरी रविवार पड़ रहा है, इसलिए इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि बजट उसी दिन पेश होगा या इसे 2 फरवरी तक टाल दिया जाएगा। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक बुधवार शाम केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन पार्लियामेंट्री अफेयर्स (CCPA) की बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया कि बजट 1 फरवरी को ही पेश किया जाएगा।

हाल के वर्षों में यह पहली बार होगा जब केंद्रीय बजट रविवार के दिन संसद में प्रस्तुत किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को होगी, जिस दिन संसद का संयुक्त सत्र (Joint Session) भी आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण (इकोनॉमिक सर्वे) पेश किया जाएगा।

इस वर्ष केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इतिहास रचने जा रही हैं, क्योंकि वह लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इससे पहले सबसे अधिक बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम था, जिन्होंने 1959 से 1964 के बीच और फिर 1967 से 1969 तक कुल 10 बार बजट प्रस्तुत किया था।

पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम भी नौ बार बजट पेश कर चुके हैं, जबकि प्रणब मुखर्जी ने आठ बार केंद्रीय बजट प्रस्तुत किया था। वर्ष 2017 से केंद्रीय बजट 1 फरवरी को सुबह 11 बजे पेश किया जा रहा है। यह व्यवस्था पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के कार्यकाल में लागू की गई थी।

अरुण जेटली के कार्यकाल के दौरान बजट पेश करने की तारीख में बदलाव किया गया था, ताकि नया बजट 1 अप्रैल से शुरू होने वाले नए वित्त वर्ष के पहले दिन से ही प्रभावी हो सके। इससे पहले हर साल बजट 28 फरवरी को पेश किया जाता था। फिलहाल बजट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।