कोलंबिया ने पाक पर शोक व्यक्त करने वाला बयान भारत की आपत्ति के बाद वापस लिया
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया ने वह बयान वापस ले लिया है, जिसमें उसने भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर संवेदना जताई थी..
नयी दिल्ली। पाकिस्तान के आतंकवाद को उजागर करने और इस पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति को वैश्विक मंचों पर स्थापित करने की भारत की कूटनीतिक कोशिशों को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया ने वह बयान वापस ले लिया है, जिसमें उसने भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर संवेदना जताई थी।
इस घटनाक्रम पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर, जो कि अमेरिकी देशों के दौरे पर गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, ने नाराज़गी जताई। उन्होंने गुरुवार को बोगोटा में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम कोलंबिया सरकार की प्रतिक्रिया से थोड़े निराश हुए, जिसने भारत के हमलों के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर संवेदना जताई, जबकि उसे आतंकवाद के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति दिखानी चाहिए थी।"
उन्होंने आगे कहा, "हम अपने कोलंबियाई मित्रों से कहना चाहते हैं कि आतंक फैलाने वालों और उसका मुकाबला करने वालों के बीच कोई बराबरी नहीं हो सकती। हम केवल आत्मरक्षा का अधिकार इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर इस मुद्दे पर कोई गलतफहमी है, तो हम उसे दूर करने के लिए यहां हैं।"
भारत की बातचीत के बाद कोलंबिया का यू-टर्न
शुक्रवार को भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने कोलंबिया की उप विदेश मंत्री रोसा योलेन्डा विलाविसेंसियो से मुलाकात की। इसके बाद कोलंबिया ने अपना पूर्व बयान वापस लेने की पुष्टि की। उप विदेश मंत्री ने कहा, "आज की बैठक के बाद जो स्पष्टीकरण और जानकारी हमें मिली, उससे हम संतुष्ट हैं और इस मुद्दे पर बातचीत जारी रखेंगे।"
शशि थरूर ने बताया, "उप मंत्री ने हमें स्पष्ट रूप से बताया कि कोलंबिया ने वह बयान वापस ले लिया है जिससे हमें आपत्ति थी, और उन्होंने हमारी स्थिति को पूरी तरह से समझा है, जो हमारे लिए बहुत महत्त्वपूर्ण है।"
थरूर का ट्वीट
"आज दिन की शुरुआत कोलंबिया की उप विदेश मंत्री और एशिया-पैसिफिक मामलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शानदार बैठक से हुई। मैंने 8 मई को पाकिस्तान को दी गई 'संवेदना' पर भारत की असहमति जाहिर की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि बयान वापस ले लिया गया है और अब भारत की स्थिति को सही तरीके से समझा और समर्थन किया गया है।"
भारत की वैश्विक मुहिम
- शशि थरूर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिका के देशों के दौरे पर हैं।
- इससे पहले यह प्रतिनिधिमंडल पनामा और गुयाना जा चुका है।
- कोलंबिया के दौरे के बाद, शनिवार को ये प्रतिनिधिमंडल ब्राज़ील और अमेरिका की यात्रा करेगा।
- इस दौरे का उद्देश्य आतंकवाद के खिलाफ भारत की "Zero Tolerance Policy" को वैश्विक मंचों पर मजबूत करना है।
What's Your Reaction?