धर्मेन्द्र अस्पताल से डिस्चार्ज, अब घर पर होगा इलाज, डॉक्टर ने दी स्वास्थ्य अपडेट
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते बार-बार अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा था लेकिन बुधवार सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। सुबह करीब 7:30 बजे उनके बेटे बॉबी देओल उन्हें मुंबई स्थित आवास पर लेकर गए। परिवार ने फिलहाल उनका इलाज घर पर जारी रखने का निर्णय लिया..
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते बार-बार अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा था लेकिन बुधवार सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। सुबह करीब 7:30 बजे उनके बेटे बॉबी देओल उन्हें मुंबई स्थित आवास पर लेकर गए। परिवार ने फिलहाल उनका इलाज घर पर जारी रखने का निर्णय लिया है।
डॉक्टर ने दी जानकारी
मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतित समदानी ने बताया, “धर्मेन्द्र जी को आज सुबह लगभग 7:30 बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। परिवार ने निर्णय लिया है कि उनका इलाज अब घर पर ही किया जाएगा।”
अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया, “श्री धर्मेन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और वे अब घर पर स्वास्थ्य लाभ लेंगे। हम मीडिया और आम जनता से अनुरोध करते हैं कि वे किसी भी तरह की अटकलों से बचें और उनके तथा उनके परिवार की निजता का सम्मान करें।”
देओल परिवार की ओर से जारी संदेश में कहा गया, “हम सभी के प्यार, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए आभारी हैं। कृपया उनका सम्मान करें, क्योंकि वे आप सभी से बहुत प्रेम करते हैं।”
झूठी अफवाहों से परेशान हुआ परिवार
रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मेन्द्र पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे और नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उनकी मृत्यु की झूठी अफवाहें फैलने लगीं, जिससे परिवार और प्रशंसक आहत हुए।
उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने मंगलवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर आकर इन फर्जी अफवाहों को सिरे से खारिज किया। उनकी बेटी ईशा देओल ने भी पोस्ट लिखकर सभी से निजता का सम्मान करने और अफवाहें न फैलाने की अपील की।
जल्द 90 वर्ष के होंगे धर्मेन्द्र
‘शोले’, ‘धरम वीर’, और ‘चुपके चुपके’ जैसी फिल्मों से करोड़ों दिलों में जगह बनाने वाले धर्मेन्द्र हाल ही में फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे। वे अब निर्देशक श्रीराम राघवन की आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ (Ikkis) में दिखाई देंगे।
यह महान अभिनेता जल्द ही 90 वर्ष के हो जाएंगे। परिवार और प्रशंसकों ने उनके स्वास्थ्य लाभ और लंबी उम्र की कामना की है।
What's Your Reaction?