गैरकानूनी बेटिंग ऐप मामले में ईडी ने सुरेश रैना से 8 घंटे पूछताछ की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को गैरकानूनी ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना से आठ घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ...
नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को गैरकानूनी ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना से आठ घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की।
पीटीआई के अनुसार, रैना सुबह 11 बजे ईडी के दफ्तर पहुंचे और शाम करीब 8 बजे बाहर निकले। इस दौरान उन्हें एजेंसी के कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों से बातचीत करते हुए भी देखा गया।
ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत रैना का बयान दर्ज किया। आरोप है कि उन्होंने एक स्पोर्ट्स बेटिंग ऐप का प्रचार किया था, जो अवैध गतिविधियों में लिप्त था। पूछताछ के दौरान एजेंसी ने उनके ऐप से संबंध, संभावित एंडोर्समेंट फीस और दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के तरीकों के बारे में जानकारी जुटाई।
ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि “एक अन्य पूर्व भारतीय क्रिकेटर” को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है, हालांकि नाम नहीं बताया गया।
बेटिंग ऐप्स से जुड़े मामलों में ईडी कई मशहूर हस्तियों को तलब कर रही है। एजेंसी ने गूगल और मेटा के प्रतिनिधियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।
जांच में सामने आया है कि इन अवैध बेटिंग ऐप्स ने कई लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है और टैक्स की भी चोरी की है। आंकड़ों के मुताबिक, भारत में करीब 22 करोड़ लोग ऐसे ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं, जिनमें से आधे नियमित यूज़र हैं। भारत का ऑनलाइन बेटिंग बाजार 100 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का है।
ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 2023 में चार एडवाइजरी जारी कर अखबारों, टीवी चैनलों, ऑनलाइन समाचार पोर्टलों, विज्ञापन मध्यस्थों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से ऐसे प्लेटफॉर्म्स का प्रचार-प्रसार न करने को कहा था।
इसके बावजूद मनोरंजन और खेल जगत के कई सेलिब्रिटी इन ऐप्स का प्रचार करते रहे हैं, जिनमें से कुछ अब ईडी की जांच के दायरे में हैं।
What's Your Reaction?