फुले फिल्म विवाद के बीच ब्राह्मण समुदाय पर विवादित टिप्पणी को लेकर अनुराग कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज
फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप को ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के चलते कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ‘फुले’ फिल्म को लेकर चल रहे विवाद के बीच अनुराग कश्यप ने ब्राह्मण समुदाय के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी..
मुंबई। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप को ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के चलते कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ‘फुले’ फिल्म को लेकर चल रहे विवाद के बीच अनुराग कश्यप ने ब्राह्मण समुदाय के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
क्या है पूरा मामला?
अनुराग कश्यप हाल ही में फुले फिल्म की रिलीज को रोके जाने पर सेंसर बोर्ड की आलोचना कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में जातीय भेदभाव से जुड़ी कुछ दृश्यों के कारण इसे रोका गया है और इसके लिए ब्राह्मण समुदाय को जिम्मेदार ठहराया।
एक सोशल मीडिया यूज़र के साथ बहस के दौरान अनुराग कश्यप ने कथित रूप से कहा कि वह “ब्राह्मणों पर पेशाब करेंगे”। यह बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कानूनी कार्रवाई की मांग
इस बयान के बाद अधिवक्ता आशुतोष जे दुबे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अनुराग कश्यप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “मैंने @MumbaiPolice को अनुराग कश्यप के खिलाफ ब्राह्मण समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक और जातिवादी टिप्पणी के लिए औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।”
फडणवीस ने दी प्रतिक्रिया
देवेंद्र फडणवीस ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मुंबई पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “एक ब्राह्मण समुदाय के सदस्य के रूप में, अनुराग कश्यप द्वारा की गई यह अपमानजनक और घृणास्पद टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है। यह न केवल जातिवादी है बल्कि नफरत फैलाने वाली है और हमारे संविधान में संरक्षित गरिमा और समानता के सिद्धांतों का उल्लंघन करती है। मैं @MumbaiPolice से अनुरोध करता हूं कि इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज की जाए।”
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
आशुतोष दुबे की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 (1), 195 और 356 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
अनुराग कश्यप की सफाई और माफीनामा
बढ़ते विवाद के बीच अनुराग कश्यप ने माफी मांगी है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पूरी बात को संदर्भ से काटकर पेश किया गया।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मनुवादियों और गैर-संस्कारी ब्राह्मणों के लिए… यह मेरी माफी है, मेरे पोस्ट के लिए नहीं, बल्कि उस एक लाइन के लिए जिसे संदर्भ से बाहर निकाल कर नफरत फैलाई जा रही है। कोई भी बात इतनी क़ीमती नहीं होती कि उसकी वजह से किसी की बेटी, परिवार, दोस्तों और सहयोगियों को बलात्कार और जान से मारने की धमकियाँ मिलें।” उन्होने कहा, “कही हुई बात वापस नहीं लूंगा, लेकिन अगर मुझसे माफ़ी चाहिए तो यह मेरी माफ़ी है। ब्राह्मण लोग, महिलाओं को बख्श दो — इतना तो शास्त्रों में भी है, सिर्फ़ मनुवाद में नहीं। आप कौन से ब्राह्मण हो, तय कर लो। बाकी मेरी तरफ़ से माफ़ी।”
What's Your Reaction?