वीरता पुरस्कार 2025: ऑपरेशन सिंदूर के बाद डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल घई सम्मानित, कुल 127 पुरस्कार
स्वतंत्रता दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कार्मिकों को असाधारण बहादुरी और विशिष्ट सेवाओं के लिए कुल 127 वीरता पुरस्कार और 40 विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी..
नयी दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कार्मिकों को असाधारण बहादुरी और विशिष्ट सेवाओं के लिए कुल 127 वीरता पुरस्कार और 40 विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है।
मुख्य सम्मानों में, उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा और महानिदेशक सैन्य संचालन (DGMO) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को ऑपरेशन सिंदूर में नेतृत्व के लिए सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। इस अभियान में पाकिस्तान-आधारित आतंकवादी समूहों के भारतीय नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले के प्रयास को विफल किया गया था।
नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसी अभियान में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा..
- पूर्व पश्चिमी नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल एसजे सिंह को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक
- वाइस एडमिरल तरुण सोबती को उत्तम युद्ध सेवा पदक
- वाइस एडमिरल एवं डीजीएनओ एएन प्रमोद को युद्ध सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
कुल स्वीकृत अलंकरण इस प्रकार हैं:
- 04 कीर्ति चक्र
- 15 वीर चक्र
- 16 शौर्य चक्र
- 02 बार टू सेना मेडल (वीरता)
- 58 सेना मेडल (वीरता)
- 06 नौ सेना मेडल (वीरता)
- 26 वायु सेना मेडल (वीरता)
- 07 सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक
- 09 उत्तम युद्ध सेवा पदक
- 24 युद्ध सेवा पदक
इसके अतिरिक्त, 290 मेंशन-इन-डिस्पैचेस (युद्ध में विशिष्ट उल्लेख) की घोषणा की गई है —
- 115 भारतीय सेना के कार्मिक
- 05 भारतीय नौसेना के कार्मिक
- 167 भारतीय वायुसेना के कार्मिक
- 03 बॉर्डर रोड्स डेवलपमेंट बोर्ड के कार्मिक।
What's Your Reaction?