हैदराबाद पुलिस ने टी. राजा सिंह की राम नवमी शोभा यात्रा पर लगाए सख्त प्रतिबंध
पुलिस ने विवादास्पद बीजेपी विधायक टी. राजा सिंह को उनकी वार्षिक राम नवमी शोभा यात्रा के लिए अनुमति देने से पहले कई सख्त शर्तें लागू की हैं।
हैदराबाद। पुलिस ने विवादास्पद बीजेपी विधायक टी. राजा सिंह को उनकी वार्षिक राम नवमी शोभा यात्रा के लिए अनुमति देने से पहले कई सख्त शर्तें लागू की हैं।
हर साल इस यात्रा का नेतृत्व करने वाले राजा सिंह पर अक्सर भड़काऊ भाषण देने और मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाते हुए उकसाने वाले गीत गाने के आरोप लगे हैं।
इस बार पुलिस ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण, नारे या गीत न बजाए जाएं, जो किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हों।
डीजे, साउंड मिक्सर और अन्य तेज आवाज वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। पटाखों पर प्रतिबंध है और ड्रोन केवल पुलिस की पूर्व अनुमति से ही उड़ाए जा सकेंगे।
यह शोभा यात्रा पारंपरिक रूप से धूलपेट स्थित जाली हनुमान मंदिर से शुरू होकर रामकोटी स्थित हनुमान व्यायमशाला तक जाती है। इस बार यात्रा को सड़क के एकदम बाएं किनारे से ही निकालने का निर्देश दिया गया है, ताकि ट्रैफिक बाधित न हो। आयोजकों को यह भी हिदायत दी गई है कि यात्रा के दौरान कहीं भी भाषण के लिए रुकने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा, हर तरह के हथियार — लाठी, तलवार, चाकू या ज्वलनशील सामग्री पर प्रतिबंध है। यहां तक कि झंडा ले जाने वाली लाठी की लंबाई भी दो फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। भड़काऊ बैनर और नारे भी सख्त रूप से वर्जित हैं।
गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह पर 100 से अधिक भड़काऊ भाषणों के मामले दर्ज हैं। उन्हें पहले भी प्रिवेंटिव डिटेंशन (पीडी) एक्ट के तहत दो महीने से अधिक जेल में रहना पड़ा है।
What's Your Reaction?