भारतीय मूल के हृदय शल्य चिकित्सक को यौन उत्पीड़न के मामले में छह वर्ष की सजा
ब्रिटेन की राजधानी लंदन की एक अदालत ने भारतीय मूल के हृदय शल्य चिकित्सक अमल कृष्ण बोस (55 वर्ष) को महिला सहकर्मियों का यौन उत्पीड़न करने के मामले में छह साल की जेल की सजा सुनाई है। बोस पर आरोप था कि उन्होंने 2017 से 2022 के बीच, लंकाशायर के ब्लैकपूल अस्पताल में कार्यरत रहते हुए, अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई बार महिला सहकर्मियों के साथ..
लंदन। ब्रिटेन की राजधानी लंदन की एक अदालत ने भारतीय मूल के हृदय शल्य चिकित्सक अमल कृष्ण बोस (55 वर्ष) को महिला सहकर्मियों का यौन उत्पीड़न करने के मामले में छह साल की जेल की सजा सुनाई है। बोस पर आरोप था कि उन्होंने 2017 से 2022 के बीच, लंकाशायर के ब्लैकपूल अस्पताल में कार्यरत रहते हुए, अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई बार महिला सहकर्मियों के साथ अनुचित व्यवहार किया।
अस्पताल में बना ‘खुला राज़’
अदालत में पेश गवाहों ने बताया कि बोस का व्यवहार विभाग में सभी के लिए एक “खुला राज़” था। नये आने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों को पहले ही आगाह किया जाता था कि उनसे किस तरह दूरी बनाकर रखनी है। वह अकसर महिला कर्मचारियों की बनावट-शक्ल पर टिप्पणी करते और निजी संदेश समूहों में उन्हें ‘फ्रेश मीट’ जैसे अपमानजनक नामों से संबोधित करते थे।
पीड़ितों की गवाही: ऑपरेशन थिएटर तक में छेड़छाड़
एक पीड़ित महिला ने बताया कि ऑपरेशन से पहले स्क्रबिंग करते समय बोस ने उसे छुआ। दूसरी ने कहा कि विभाग में नयी-नयी नियुक्ति के समय बोस ने उनके कंधे पर सिर रखकर उन्हें असहज कर दिया ।
एक अन्य ने बयान दिया कि ऑपरेशन थिएटर में हाथ धोने के बाद दस्ताने पहनने जा रही थी तभी बोस ने आ कर अनुचित रूप से उन्हें छुआ।।
किसी महिला की जेब से पेन निकालते समय भी उसने अनुचित तरीके से उसके शरीर को छुआ। कई महिलाओं ने बताया कि बोस से मिलना और उनका व्यवहार इतना डराने वाला था कि उन्हें अपनी ड्यूटी शेड्यूल बदलने तक पर मजबूर होना पड़ा।
अदालत की टिप्पणी
बचाव पक्ष ने दलील दी कि बोस एक कुशल शल्य चिकित्सक थे, जिन्होंने अपने पेशे में उच्च स्थान अर्जित किया था लेकिन शिकायतों के बाद उन्हें अस्पताल से हटाना पड़ा और अब वे एक पार्सल डिलीवरी का काम कर रहे हैं।
न्यायाधीश अनस्वर्थ ने सजा सुनाते हुए कहा कि बोस की पेशेवर प्रतिष्ठा और कौशल उनके अपराध को और अधिक दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बना देता है।
What's Your Reaction?