जयपुर के जगतपुरा में जैप्टो के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद, 100 किलो डैमेज और 7 किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट

राजस्थान शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान तेज हो गया है। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जयपुर के जगतपुरा स्थित जैप्टो के डार्क स्टोर पर केंद्रीय दल ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद, 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री तथा 7 किलोग्राम अवधि पार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई..

जयपुर के जगतपुरा में जैप्टो के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद, 100 किलो डैमेज और 7 किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट
10-09-2026 - 07:00 PM

जयपुर। राजस्थान शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान तेज हो गया है। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जयपुर के जगतपुरा स्थित जैप्टो के डार्क स्टोर पर केंद्रीय दल ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद, 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री तथा 7 किलोग्राम अवधि पार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के निर्देश और आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संयुक्त आयुक्त विजय प्रकाश शर्मा की मौजूदगी में जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम द्वारा रामनगरिया विस्तार, ए-ब्लॉक स्थित मैसर्स जे.डी.एस. मार्केटिंग के वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया।

तापमान मानकों की अनदेखी, 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद नष्ट

निरीक्षण के दौरान कोल्ड रूम एवं डीप फ्रीजर में डेयरी उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित तापमान मानकों का पालन नहीं पाया गया। मौके पर तापमान 6 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पाया गया। स्थिति को देखते हुए सरस एवं अमूल के दूध, दही और छाछ के करीब 1550 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए गए।

डैमेज एवं एक्सपायरी सामग्री भी मिली

वेयरहाउस में करीब 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री बिना ‘नॉट फॉर सेल’ टैग के रखी मिली। इसे भी मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

इसके अलावा बिक्री के लिए रखी करीब 7 किलोग्राम अवधि पार खाद्य सामग्री भी मिली, जिसमें मूसली, कैंडी एवं भुजिया शामिल थे। विभागीय टीम ने इसे जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवाया।

 

स्वच्छता व्यवस्था में भी गंभीर कमियां

निरीक्षण के दौरान डार्क स्टोर एवं कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला एवं जर्दा थूकने के निशान पाए गए। दीवारों पर गंदगी एवं थूक के निशान भी मिले। खाद्य सामग्री रखने के लिए लगाए गए कई लोहे के रैक टूटे हुए, गंदे एवं जंग लगे पाए गए।

अधिकारियों ने स्टोर प्रबंधन को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण एवं स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

पीनट बटर एवं हनी के सैंपल लिये

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए केंद्रीय टीम ने स्टोर मैनेजर श्री कैलाश चन्द मीना की मौजूदगी में पिंटोला पीनट बटर एवं हनी के सैंपल लिए। दोनों सैंपल को जांच के लिए राज्य केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की मिलावट अथवा खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिदिन करीब 500 ऑर्डर, व्यवस्था सुधारने के निर्देश

संयुक्त आयुक्त श्री विजय प्रकाश शर्मा ने डार्क स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर खाद्य पदार्थों के भंडारण, तापमान नियंत्रण एवं स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार इस डार्क स्टोर से प्रतिदिन करीब 500 ऑर्डर की डिलीवरी की जाती है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन माध्यम से खाद्य पदार्थों की डिलीवरी करने वाले स्टोर्स एवं वेयरहाउस पर भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है। मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई पूरे प्रदेश में लगातार जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।