'गलतियों की पुनरावृत्ति न हो': अमित शाह ने बीजेपी नेताओं को भाषणों में संयम बरतने की दी नसीहत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी नेताओं को सार्वजनिक बयानों में संयम बरतने की सख्त सलाह दी..

'गलतियों की पुनरावृत्ति न हो': अमित शाह ने बीजेपी नेताओं को भाषणों में संयम बरतने की दी नसीहत
16-06-2025 - 08:53 AM
16-06-2025 - 08:55 AM

पचमढ़ी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी नेताओं को सार्वजनिक बयानों में संयम बरतने की सख्त सलाह दी। उन्होंने कहा, "राजनीति में वाणी का संयम सबसे बड़ा गुण होता है... कई बार चुप रह जाना ही सबसे समझदारी भरा कदम होता है।"

अमित शाह मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले स्थित पचमढ़ी में शनिवार को आयोजित तीन दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

विजय शाह के बयान पर अप्रत्यक्ष प्रतिक्रिया

उनकी यह टिप्पणी उस समय आई है जब मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर पार्टी को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा।
कर्नल कुरैशी ऑपरेशन सिंदूर के तहत मीडिया ब्रीफिंग टीम का हिस्सा थीं। विजय शाह के बयान की चौतरफा आलोचना के बाद उन्होंने कई बार माफी मांगी

इस संदर्भ में शाह ने कहा, "गलतियाँ होती हैं, लेकिन उनकी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।" उन्होंने नेताओं को विनम्र बने रहने की सलाह देते हुए कहा, "कोई कितना भी वरिष्ठ या अनुभवी क्यों न हो, उसे हमेशा एक विद्यार्थी बने रहना चाहिए।"

'बोलने की जल्दी नुकसानदेह': भूपेंद्र यादव

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी नेताओं को प्रतिक्रिया देने की जल्दबाजी से बचने की नसीहत दी। उन्होंने कहा, "राजनीति में 90 प्रतिशत नुकसान तब होता है जब हम हर चीज पर तुरंत प्रतिक्रिया देने लगते हैं।" उन्होंने कहा, "हर शब्द आज के दौर में कई गुना बढ़कर जनता तक पहुँचता है। इसलिए संयम और सोच-समझकर बोलना बेहद ज़रूरी है।"

बीजेपी ने माना – अमित शाह का इशारा विजय शाह की ओर

मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री करण वर्मा ने भी स्वीकार किया कि अमित शाह की टिप्पणी विजय शाह की विवादित टिप्पणी से जुड़ी थी। उन्होंने कहा, "गृह मंत्री जी ने माना कि किसी से भी गलती हो सकती है, लेकिन उसका दोहराव अस्वीकार्य है।"

अमित शाह और भूपेंद्र यादव की यह सख्त नसीहतें इस बात का संकेत हैं कि पार्टी अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदार बयानों को अब हल्के में नहीं लेने वाली।
बीजेपी का यह प्रशिक्षण शिविर आगामी रणनीतियों के साथ-साथ सार्वजनिक व्यवहार और संवाद कौशल पर विशेष ध्यान देने का संदेश भी दे रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।