मुंबई में बारिश का कहर: IMD ने ‘रेड अलर्ट’ जारी किया, लोकल ट्रेनें बाधित, मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षा स्थगित ..10 बड़े अपडेट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार, 20 अगस्त को मुंबई के लिए बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को लगातार पाँचवें दिन मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी – जगह-जगह जलभराव, ट्रेनें ठप, उड़ानों में व्यवधान और निचले इलाकों से लोगों की निकासी करनी पड़ी..
मुंबई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार, 20 अगस्त को मुंबई के लिए बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को लगातार पाँचवें दिन मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। जगह-जगह जलभराव, ट्रेनें ठप, उड़ानों में व्यवधान और निचले इलाकों से लोगों की निकासी करनी पड़ी।
मंगलवार शाम दो मोनोरेल ट्रेनें बीच ट्रैक पर फँस गईं, जिससे 782 यात्रियों को बचाना पड़ा। कई यात्रियों को दम घुटने की शिकायत हुई, कुछ बेहोश हो गए। एक महिला यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
मिठी नदी का जलस्तर खतरनाक निशान के करीब पहुँच गया, जबकि IMD ने कहा है कि गुरुवार से बारिश की तीव्रता घट सकती है। इस बीच, मुंबई विश्वविद्यालय ने बुधवार को होने वाली सभी परीक्षाएँ टाल दी हैं।
मुंबई बारिश: 10 अपडेट
- IMD का रेड अलर्ट, गुरुवार से राहत की संभावना – IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चल सकती हैं। रायगढ़ रेड अलर्ट पर है, जबकि ठाणे, पालघर और रत्नागिरी ऑरेंज अलर्ट पर। गुरुवार से बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है।
- लोकल ट्रेन सेवाएँ बाधित, फिर बहाल – मंगलवार को दोपहर 11:15 बजे पानी भरने के कारण हार्बर लाइन पर सेवाएँ रोकनी पड़ीं, जो बुधवार सुबह 3 बजे बहाल हुईं। वेस्टर्न रेलवे पर 35 मिनट और सेंट्रल रेलवे पर 45 मिनट तक की देरी जारी रही।
- लॉन्ग-डिस्टेंस ट्रेनें प्रभावित – कई लंबी दूरी की गाड़ियाँ बदली या रद्द की गईं। जोधपुर-दादर एक्सप्रेस बोरीवली तक ही चलाई गई, जबकि अहमदाबाद–पुणे दुरंतो और जयपुर–पुणे एक्सप्रेस को सूरत–उधना–जलगाँव मार्ग से घुमाया गया।
- मुंबई विश्वविद्यालय की परीक्षा स्थगित – मंगलवार रात विश्वविद्यालय ने 20 अगस्त को होने वाली सभी परीक्षाएँ स्थगित करने की घोषणा की। नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
- रिकॉर्ड बारिश – मंगलवार को मुंबई में 11 घंटे में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई। कुर्ला, दादर, अंधेरी और सियॉन की सड़कें नदियों जैसी दिखीं। जगह-जगह दीवारें गिरीं, पेड़ उखड़े और बिजली गुल हुई।
- मिठी नदी खतरे के निशान के करीब – नदी का जलस्तर 3.9 मीटर तक पहुँच गया, जबकि खतरे का निशान 4 मीटर है। कुर्ला के क्रांति नगर से 400 से अधिक झुग्गीवासियों को NDRF और बीएमसी ने सुरक्षित निकाला।
- हवाई सेवाएँ प्रभावित – कम दृश्यता और रनवे पर जलभराव से कम से कम 8 उड़ानें डायवर्ट करनी पड़ीं और कई में लंबी देरी हुई। यात्रियों को टर्मिनल पर भारी भीड़ का सामना करना पड़ा।
- दो मोनोरेल से 700 से अधिक लोग बचाए गए – एक ट्रेन में 582 और दूसरी में 200 यात्री फँसे। बिजली और एसी बंद होने से दम घुटने की स्थिति बनी। एक ट्रेन को स्नॉर्कल लैडर से खाली कराया गया और दूसरी को वडाला स्टेशन तक खींचकर लाया गया।
- स्कूल बंद होने का ‘फेक’ मैसेज – बीएमसी ने स्पष्ट किया कि स्कूल और कॉलेज बंद करने की कोई घोषणा नहीं की गई। सोशल मीडिया पर चल रहा संदेश झूठा है।
- राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश से 24 मौतें.. कोंकण, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र में लगातार चौथे दिन भारी बारिश हुई। नांदेड़ में 3, मुंबई और बीड में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई। 4 जिलों में 1,550 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। रत्नागिरी और रायगढ़ की नदियाँ खतरे के निशान पर बह रही हैं।
What's Your Reaction?