TMKOC छोड़ने की खबरों पर मुनमुन दत्ता ने तोड़ी चुप्पी, कहा - 'अभी भी शो का हिस्सा हूं'
लोकप्रिय टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में बबीता जी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री मुनमुन दत्ता ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर यह स्पष्ट किया है कि वह शो छोड़ नहीं रही हैं..
मुंबई। लोकप्रिय टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में बबीता जी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री मुनमुन दत्ता ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर यह स्पष्ट किया है कि वह शो छोड़ नहीं रही हैं।
मुनमुन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह शो के सेट पर शूटिंग करती नज़र आ रही हैं। इस क्लिप में अय्यर के घर की झलक के साथ-साथ मेकअप रूम के कुछ दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में मुनमुन ने लिखा, “हर अफवाह सही नहीं होती।”
क्यों उठे थे शो छोड़ने के कयास?
हाल ही में ‘TMKOC’ के 'भूतनी प्लॉट' में बबीता जी की अनुपस्थिति को लेकर फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई थी। शो में गोकुलधाम सोसाइटी के सभी सदस्य एक भूतिया बंगले की छुट्टियों पर नजर आए — बापू जी, पोपटलाल, अय्यर, सोढ़ी, अंजलि और अन्य सभी पात्र शामिल थे लेकिन बबीता जी कहीं नहीं दिखीं।
इसके बाद ही अफवाहें उड़ने लगीं कि मुनमुन दत्ता ने शायद शो को अलविदा कह दिया है। हालांकि, कुछ समय बाद शो के प्रोडक्शन हाउस ने को पुष्टि की कि मुनमुन अब भी शो का हिस्सा हैं।
17 सालों से चल रहा है TMKOC, कई कलाकारों ने छोड़ा शो
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ पिछले 17 वर्षों से सफलतापूर्वक प्रसारित हो रहा है, लेकिन इस दौरान कई प्रमुख कलाकार शो से अलग हो चुके हैं। इनमें शामिल हैं:
- दिशा वकानी (दया बेन)
- झील मेहता (पुरानी सोनू)
- भव्य गांधी (पुराना टप्पू)
- राज अनादकट (दूसरा टप्पू)
- गुरुचरण सिंह (पुराने सोढ़ी)
- नेहा मेहता (पुरानी अंजलि)
- शैलेष लोढ़ा (पुराने तारक मेहता)
असित मोदी ने कही थी यह बात
एक पुराने इंटरव्यू में शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने कलाकारों के शो छोड़ने और उन पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “मैं कभी कलाकारों से दूरी नहीं बनाता। अगर किसी को कोई समस्या हो, तो वे मुझसे सीधे बात कर सकते हैं। मैंने हमेशा शो को प्राथमिकता दी है और व्यक्तिगत लाभ के बारे में नहीं सोचा।”
उन्होंने यह भी कहा कि जब कलाकार झूठे आरोप लगाते हैं, तो उन्हें दुःख होता है, लेकिन ये सब जीवन का हिस्सा है।
इस तरह अब साफ है कि मुनमुन दत्ता अभी भी TMKOC का हिस्सा हैं और बबीता जी के किरदार को जल्द ही एक बार फिर दर्शक ऑन-स्क्रीन देख सकेंगे।
What's Your Reaction?