'भारत और यूके के मुख्य हितों की सुरक्षा करता है यह समझौता': फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर पीयूष गोयल ने पीएम मोदी को दिया श्रेय
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की सराहना करते हुए इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और नेतृत्व को श्रेय दिया..
लंदन। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की सराहना करते हुए इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और नेतृत्व को श्रेय दिया।
लंदन के ताज होटल में CNN-News18 से बातचीत में गोयल ने कहा कि ब्रिटेन की लेबर पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में भारत के साथ व्यापार समझौते को शामिल किया था। उन्होंने कहा, “इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है, उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व के कारण ही यह संभव हुआ।” गोयल ने स्पष्ट किया कि “भारत-यूके FTA, दोनों देशों — भारत और यूनाइटेड किंगडम के मूलभूत हितों की रक्षा करता है।” गोयल ने बताया कि यह समझौता भारतीय किसानों, MSME क्षेत्र, और टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए अनेक अवसर लेकर आएगा।
गोयल ने कहा, “हमारे किसानों को अब बड़ी संभावनाएं मिलेंगी, क्योंकि हम उनके उत्पादों को प्रोसेस करके यूके में बेच सकेंगे।” उन्होंने कहा, “हमारा MSME क्षेत्र — जैसे एयरक्राफ्ट पार्ट्स, ऑटो कंपोनेंट्स और अन्य इंजीनियरिंग उत्पाद को भी नया बाज़ार मिलेगा।”
टेक्सटाइल सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे वस्त्रों (टेक्सटाइल) की मांग में भारी उछाल आएगा, क्योंकि अब बिना शुल्क (zero duties) के प्रतिस्पर्धात्मक स्तर पर हम शीर्ष पर होंगे।”
पीएम मोदी के नेतृत्व पर टिप्पणी करते हुए गोयल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह तो बस शुरुआत है। उनकी दूरदृष्टि, सहयोगी देशों, वैश्विक दक्षिण और पड़ोसी देशों के प्रति संवेदनशीलता एक आदर्श नेतृत्व का प्रतीक है।”
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी बोले गोयल
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (FTA) पर, जो अब तक अंतिम रूप नहीं ले पाया है, गोयल ने स्पष्ट कहा, “यह समझौता दोतरफा लाभ वाला होना चाहिए। यह एकतरफा नहीं हो सकता, जिसमें सिर्फ एक पक्ष को पूरा लाभ मिले।”
What's Your Reaction?