ट्रंप ने कनाडा के डिजिटल टैक्स को लेकर व्यापार वार्ताएं रोकीं, दी नये टैरिफ की धमकी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ऐलान किया कि अमेरिका कनाडा के साथ चल रही सभी व्यापार वार्ताओं को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर रहा है। ट्रंप ने इस फैसले का कारण कनाडा द्वारा लागू किया ..
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ऐलान किया कि अमेरिका कनाडा के साथ चल रही सभी व्यापार वार्ताओं को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर रहा है। ट्रंप ने इस फैसले का कारण कनाडा द्वारा लागू किया गया डिजिटल सेवा कर (Digital Services Tax) बताया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, “यह टैक्स हमारे देश पर एक सीधा और खुला हमला है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा यूरोपीय संघ की तर्ज पर इस प्रकार के कदम उठा रहा है। ट्रंप ने लिखा, “इस गंभीर टैक्स के आधार पर, हम कनाडा के साथ सभी व्यापारिक चर्चाओं को तुरंत प्रभाव से समाप्त कर रहे हैं।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि उनका प्रशासन अगले सात दिनों के भीतर कनाडा को नए टैरिफ के बारे में सूचित करेगा, जो उसे अमेरिका के साथ व्यापार जारी रखने के लिए चुकाने होंगे।
गौरतलब है कि कनाडा में यह डिजिटल सेवा कर जून 2024 से लागू हुआ था, जिसके तहत बड़ी डिजिटल कंपनियों द्वारा कनाडाई यूज़र्स को दी गई सेवाओं से होने वाली आमदनी पर 3% टैक्स लगाया जाता है। यह कर ऑनलाइन विज्ञापन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल मार्केटप्लेस और यूज़र डेटा की बिक्री जैसी सेवाओं पर लागू होता है। इस कर की पहली वसूली सोमवार से शुरू होनी है।
ट्रंप ने कनाडा की व्यापार नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि “कनाडा एक बेहद कठिन देश है जिससे व्यापार करना आसान नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा द्वारा अमेरिकी डेयरी उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ 400 प्रतिशत तक पहुंचते हैं।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और कनाडा के बीच पहले से ही व्यापारिक तनाव बना हुआ है। इस साल की शुरुआत में ट्रंप प्रशासन ने कनाडा पर कई टैरिफ लगाए थे, जिसके जवाब में कनाडा ने भी अमेरिकी उत्पादों पर प्रतिशोधात्मक शुल्क लगा दिए थे। दोनों देशों ने अपने व्यापार ढांचे को फिर से तय करने की इच्छा जताई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
बता दें कि अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौता (USMCA) जिसे ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान तैयार किया गया था, 2026 में समीक्षा और पुन: बातचीत के लिए निर्धारित है। हालांकि, ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पहले 21 जुलाई 2025 तक एक संशोधित समझौते पर पहुंचने का लक्ष्य रखा था। अब इस ताजा घटनाक्रम से उस प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं।
What's Your Reaction?