क्वाड सम्मेलन के लिए भारत आ सकते हैं ट्रंप, अमेरिकी सीनेट में पुष्टि सुनवाई के दौरान सर्जियो गोर का बयान
भारत में अमेरिकी राजदूत के लिए नामित सर्जियो गोर ने संकेत दिया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस साल के अंत में होने वाले क्वाड लीडर्स समिट के लिए भारत का दौरा कर सकते हैं। गोर ने यह बात सीनेट की विदेश मामलों की समिति में अपनी पुष्टि सुनवाई..
वॉशिंगटन। भारत में अमेरिकी राजदूत के लिए नामित सर्जियो गोर ने संकेत दिया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस साल के अंत में होने वाले क्वाड लीडर्स समिट के लिए भारत का दौरा कर सकते हैं। गोर ने यह बात सीनेट की विदेश मामलों की समिति में अपनी पुष्टि सुनवाई के दौरान कही।
समिति को संबोधित करते हुए ट्रंप के करीबी सहयोगी गोर ने कहा, “राष्ट्रपति क्वाड नेताओं से मिलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं…अगली क्वाड बैठक के लिए यात्रा को लेकर पहले से ही बातचीत चल रही है।”
पिछले महीने ही ट्रंप ने गोर को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत नियुक्त करने की घोषणा की थी। हालांकि, अपनी सुनवाई के दौरान गोर ने ट्रंप की यात्रा की सटीक तारीख बताने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “क्वाड बेहद महत्वपूर्ण है।”
भारत यात्रा की योजना फिर से पटरी पर
यह बयान उस समय आया है जब कुछ हफ्ते पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट दी थी कि ट्रंप ने नवंबर में प्रस्तावित क्वाड सम्मेलन के लिए भारत आने का विचार छोड़ दिया है।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि पीएम मोदी और ट्रंप जल्द ही क्वाड सम्मेलन की तिथियों को लेकर एक और बातचीत करेंगे।
मोडी-ट्रंप की ‘गहरी दोस्ती’ पर जोर
सुनवाई के दौरान गोर ने कहा कि ट्रंप और पीएम मोदी के बीच “गहरी दोस्ती” है, भले ही दोनों देशों के बीच कुछ तनाव की स्थितियां बनी हों। उन्होंने कहा, “हमारे राष्ट्रपति (ट्रंप) की मोदी से गहरी दोस्ती है, जो एक अनोखी बात है।”
उन्होंने आगे कहा, “राष्ट्रपति भारत की आलोचना करते रहे हैं, लेकिन उन्होंने मोदी की तारीफ करने में कभी कंजूसी नहीं की। दोनों के बीच अविश्वसनीय संबंध हैं…मैं खुद उनके साथ एक कमरे में मौजूद रहा हूं। हम इन टैरिफ्स को लेकर पहले से ही किसी समझौते से बहुत दूर नहीं हैं।”
What's Your Reaction?