उपराष्ट्रपति चुनाव परिणाम : सी.पी. राधाकृष्णन को 452 मत, बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 मत

9 सितंबर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने विपक्षी गठबंधन (इंडिया ब्लॉक) के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को हराकर भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में जीत दर्ज..

उपराष्ट्रपति चुनाव परिणाम : सी.पी. राधाकृष्णन को 452 मत, बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 मत
10-09-2025 - 10:58 AM
22-04-2026 - 05:53 PM

नयी दिल्ली। 9 सितंबर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने विपक्षी गठबंधन (इंडिया ब्लॉक) के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को हराकर भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में जीत दर्ज की। यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ने के बाद कराया गया।

चुनाव में कुल 767 सांसदों ने मतदान किया। इनमें से 752 मत वैध पाए गए जबकि 15 मत अमान्य घोषित हुए। संसद के महासचिव पी.सी. मोदी ने बताया कि राधाकृष्णन को 452 मत मिले जबकि विपक्ष के प्रत्याशी, पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश सुदर्शन रेड्डी को 300 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार राधाकृष्णन ने 152 मतों के अंतर से स्पष्ट जीत दर्ज की।

मतदान गुप्त मतपत्र से हुआ और लोकसभा एवं राज्यसभा के सभी सांसद इसमें भाग लेने के पात्र थे। सांसदों को मतपत्र पर अपनी पहली वरीयता अंकित करनी होती है।

जीत के बाद राधाकृष्णन ने कहा, यह राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत है। विपक्षी दलों ने कहा था कि यह चुनाव वैचारिक संघर्ष है, लेकिन मतदान परिणाम से स्पष्ट है कि राष्ट्रवादी सोच को समर्थन मिला है। यदि हमें 2047 तक विकसित भारत बनाना है तो राजनीति से ऊपर उठकर विकास पर ध्यान केंद्रित करना होगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि राधाकृष्णन का जीवन सदैव समाजसेवा और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करेंगे और संसदीय विमर्श को नई दिशा देंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन का उनका समृद्ध अनुभव देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पत्र लिखकर बधाई दी और भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में उपराष्ट्रपति का पद और गौरवशाली बनेगा।

उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति देश का दूसरा सबसे बड़ा संवैधानिक पद है और वे राज्यसभा के सभापति भी होते हैं। आवश्यकता पड़ने पर वे कार्यवाहक राष्ट्रपति की भूमिका भी निभाते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।