‘कल तुमने बदतमीज़ी कर दी..’: RSS की तारीफ पर विवाद के बाद दिग्विजय सिंह पर राहुल गांधी का तंज
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते हुए कहा, “तुमने कल बदतमीज़ी कर दी!”। इस टिप्पणी पर दिग्विजय सिंह के आसपास खड़े नेताओं के बीच हंसी फैल..
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर दिग्विजय सिंह की तारीफ कांग्रेस के भीतर असहजता का कारण बन गई है। उनके इन बयानों को सत्तारूढ़ भाजपा ने हथियार बनाते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। यह पूरा मुद्दा कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के मौके पर राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह के बीच चर्चा का विषय भी बना।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते हुए कहा, “तुमने कल बदतमीज़ी कर दी!”। इस टिप्पणी पर दिग्विजय सिंह के आसपास खड़े नेताओं के बीच हंसी फैल गई।
इस मौके पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। राहुल गांधी का यह व्यंग्यात्मक तंज दिग्विजय सिंह द्वारा एक दिन पहले किए गए उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर साझा की थी।
इस तस्वीर में नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के चरणों में फर्श पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने इस तस्वीर के साथ लिखा था, “यह तस्वीर मुझे मिली। यह बेहद प्रभावशाली है। किस तरह एक जमीनी स्तर का RSS स्वयंसेवक और जनसंघ व भाजपा का कार्यकर्ता, नेताओं के चरणों में बैठकर, एक राज्य का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना। यही संगठन की ताकत है। जय सिया राम।”
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा की गई और इसे पार्टी के भीतर असंतोष के संकेत के रूप में देखा गया। भाजपा ने इस मुद्दे को लपकते हुए राहुल गांधी पर हमला बोला और कहा कि दिग्विजय सिंह के बयान उनके नेतृत्व के खिलाफ ‘खुले असंतोष’ को उजागर करते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी पार्टी को “उल्टा-पुल्टा” कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें खुद पार्टी में हाशिये पर डाल दिया गया है।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में त्रिवेदी ने कहा, “ऐसा इसलिए है क्योंकि हमारे नरेंद्र मोदी ‘गुदड़ी के लाल’ हैं और उनके नेता ‘जवाहर के लाल’ हैं। हमारे नरेंद्र मोदी नीचे से ऊपर तक उठे हैं, इसलिए वे पार्टी को भी नीचे से ऊपर तक ले जा रहे हैं।”
उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा, “जबकि उनके नेता ‘जवाहर के लाल’ हैं, जो अब ‘ऊपर से नीचे’ हो गए हैं इसलिए वे अपनी पार्टी को भी उल्टा कर रहे हैं।”
हालांकि, दिग्विजय सिंह ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। भाजपा पर नेहरू-गांधी परिवार के भीतर फूट डालने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “विचारधारा में कोई मतभेद नहीं है। हम (कांग्रेस) सभी एकजुट हैं। नेहरू-गांधी परिवार ऐसा परिवार है, जिसमें दो लोगों ने शहादत दी है। मैं इस परिवार के भीतर फूट डालने की भाजपा की कोशिशों की कड़ी निंदा करता हूं।”
What's Your Reaction?