जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके में मकान की दीवार ढही, मलवे में दबकर एक बच्चे की मौत और एक घायल
<p><em>जयपुर के भट्टा बस्ती इलाकें आज शाम करीब 6 बजे मिट्टी ढहने से एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गयी। दीवार के निकट ही खेलते हुए दो बच्चे मलबे में दब गए। हालांकि लोगों ने हाथों से और फावड़ों की सहायता से मलवे को खोदकर बच्चों को बाहर निकाल तो लिया और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल भी पहुंचाया गया। लेकिन, दुर्भाग्य से अस्पताल में एक बच्चे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक बच्चा घायल है और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।</em></p>
एसएचओ हुकम सिंह के अनुसार यह दुर्घटना न्यू संजय नगर की बजरंग नगर कॉलोनी में हुआ। इस कॉलोनी में शेरू खान नाम के व्यक्ति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शाम करीब छह बजे इस मकान के पड़ोस में रहने वाले साजिद का बेटा फैजान (6) और शरीफ का बेटा शैंपू (6) खेल रहे थे। उनके खेलने के दौरान ही मकान की मिट्टी अचानक ढह गई जिस वजह से मकान की दीवार धमाके के साथ नीचे आ गिरी।
दीवार गिरने से तेज धमाका हुआ और इलाके में अफरा-तफऱी मच गई। जैसे ही यह पता चला कि दीवार के मलवे के नीचे दो बच्चे दब गये हैं। करीब एक दर्जन लोग बच्चों को ढूंढने के लिए हाथों से ही मिट्टी को खोदने में लग गये। कुछ लोगों ने फावड़े की सहायता से मिट्टी को हटाना शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर पुलिस और सिविल डिफेंस टीम भी पहुंच गई। हालांकि हाथों से मिट्टी को खोदकर ही दोनों बच्चों को बाहर निकाला लिया गया और दोनों को निकटवर्ती कांवटिया अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया।
डिप्टी कंट्रोल (सिविल डिफेंस) अमित शर्मा के अनुसार टीम के साथ काफी संख्या में लोग मिट्टी में दबे बच्चों को ढूंढने में जुट गए थे। दुर्घटना के मात्र 5 मिनट बाद ही एक बच्चे शैंपू को हाथों से मिट्टी खोलकर बाहर निकाल लिया गया था लेकिन मिट्टी में दबे दूसरे बच्चे फैजान को करीब 10 मिनट बाद बाहर निकाला जा सका।
एसएचओ हुकुम सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि शेरू खान के मकान निर्माण के दौरान पड़ोस के मकान की दीवार में दरार आ गई थी। इस बाबत पड़ोसी साजिद ने सूचित किय था और दीवार की दरार को ठीक करने के लिए भी कहा था। लेकिन, शेरू खान की ओर से इस मामले पर ध्यान नहीं दिया गया और दरारों को नहीं भरवाया गया। इसी वजह से निर्माणाधीन मकान की मिट्टी ढह गई। पुलिस ने शेरू खान के खिलाफ लापरवाही के चलते बच्चे की मौत का मामला दर्ज करने की बात कही है।
What's Your Reaction?