अजमेर में ब्यावर के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर ट्रक और गैस टैंकर में भिड़ंत, तीन की जिंदा जल कर मौत..!
<p><em>राजस्थान में अजमेर के पास ब्यावर में गुरुवार, 16 फरवरी की रात राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 पर एक ट्रक और गैस टेंकर में भिड़ंत की खबर है। आमने-सामने की इस भिड़ंत के कारण जबरदस्त विस्फोट हुआ और गैस टेंकर से निकली आग तेजी से फैलने लगी। करीब आधा किलोमीटर तक फैली इस आग में तीन लोगों के जिंदा जलने की जानकारी आ रही है। इसके अलावा एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।</em></p>
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक और गैस टैंकर की भिड़ंत से फैली आग ने पास ही गुजर रहे दो ट्रकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके अलावा यह आग 10 मकानों तक भी पहुंच गयी। राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर घटना पर दुख व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत सहायता प्रदान करने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्यावर शहर के नजदीक देलवाड़ा पुलिया से उतरते ही नसीराबाद से जोधपुर की ओर जा रहा गैस टैंकर और मुम्बई से दिल्ली की ओर सोयाबीन लेकर जा रहे ट्रेलर के बीच मार्बल के ब्लॉक लेकर जा रहे ट्रेलर के अचानक गल दिशा में आने के कारण यह टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार मार्बल के ब्लॉक से भरा हुआ ट्रेलर भी इस हादसे में टकराया। इससे मार्बल के ब्लॉक गैस के टैंकर पर गिर गए और गैस टैंकर का एक ब्लॉक फट गया। इसके चलते हाईवे पर पांच सौ मीटर का दायरा आग की चपेट में आ गया। तीनों वाहनों के साथ ही आस-पास के मकान और दुकानों में भी आग लग गई।
इस हादसे में टैंकर का ड्राइवर और दोनों ट्रेलर के चालक मौके पर ही जिंदा जल गए। वहीं मार्बल ब्लॉक के ट्रेलर के खलासी, कॉलोनी की महिला व खेत में काम कर रहा किसान भी गंभीर रूपस से झुलस गए। जिन्हें जेएलएन अस्पताल भेजा गया। यहां उपचार के दौरान सुबह खलासी ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस और प्रशासन ने कॉलोनी के लोगों को निकालकर सुरक्षित किया। वहीं दमकल के जरिए आग बुझाने के प्रयास किये। बताया जा रहा है कि दमकलें रात्रि से अब तक फेरे लगा रही है। अब भी गैस का रिसाव जारी है जिसके चलते आग लग रही है जिसे बुझाया जा रहा है।
भीषण हादसा होने के चलते हाईवे पर लम्बा जाम लग गया था। ट्रैफिक डायवर्ट करके पुलिसकर्मी जाम खुलाने में जुटे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला कलक्टर अंश दीप, जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट और अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मियों का भारी जाब्ता भी मौके पर पहुंचा है
What's Your Reaction?