अखिल भारतीय पत्र लेखन प्रतियोगिता के विजेता  प्रतिभागियों का सम्मान, कई पुस्तकों का विमोचन,

<p><em><strong>भावनाओं को सहेजती &quot;पाती अपनो को&quot; मुहिम ले रही है अंतरराष्ट्रीय स्वरूप, पुस्तकों के विमोचन व सम्मान समारोह त्रिनेत्र की भूमि पर संपन्न।</strong></em></p>

अखिल भारतीय पत्र लेखन प्रतियोगिता के विजेता  प्रतिभागियों का सम्मान, कई पुस्तकों का विमोचन,
26-10-2022 - 05:24 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

मानव मन से लुप्त होती जा रही पत्र लेखन विधा या अपनी भावनाओं व्यक्त करने की विधा का स्थान एसएमएस,ईमेल,वॉट्सएप, फेसबुक इत्यादि सोशल मीडिया ने ले लिया है। लेकिन, क्या भावनाओं से तर पत्र का स्थान ये डाटा मेमोरी पर जीवित सोशल मीडिया के ऐप्स ले पाते हैं? नही..परंतु इन सब मिल कर पत्र लेखन को कही विलुप्त सा जरूर कर दिया था। परंतु साहित्यप्रेमी डॉक्टर सूरज सिंह नेगी ने गत वर्षों से पत्र लेखन को पुनर्जीवित करने की मुहिम "पाती अपनों को" चला रखी है, जो अब सिर्फ भारत में ही नही बल्कि विदेशों में भी लोगो को इस विधा के प्रति पुनः आकर्षित कर रही है। हर बार की भांति इस बार भी इस मुहिम के अंतर्गत आयोजित  "माटी की पाती मेरे नाम" एवं "पाती दादा दादी, नाना-नानी की स्मृतियों के नाम" अखिल भारतीय पत्र लेखन प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का सम्मान एवं पुस्तक विमोचन समारोह सवाई माधोपुर के जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला के मुख्य आतिथ्य में रणथम्भौर रोड़ स्थित रिसोर्ट में संपन्न हुआ।समारोह का प्रारंभ रेखा शर्मा द्वारा  पधारो म्हारे देश पर नृत्य प्रस्तुती दी गई। समारोह में देश भर से करीबन दो सौ साहित्यकारों ने शिरकत की ।

 इस दौरान मुख्य अतिथि जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अशोक सक्सेना, डॉ रमेश चन्द मीना, चन्द्रमोहन उपाध्याय, उप जिला कलक्टर सवाई माधोपुर कपिल शर्मा, उप जिला कलक्टर चौथ का बरवाड़ा उपेन्द्र शर्मा द्वारा "माटी की पुकार, "पाती स्मृतियों के झरोखे से", "कोरे कागज", "कर्तव्य पथ ", "जनक नन्दनी" एवं "फॉर द सेक ऑफ नोज" पुस्तकों का विमोचन किया गया। वहीं समारोह की अध्यक्षता प्रवर अधीक्षक डाक विभाग जयपुर प्रियंका गुप्ता द्वारा की गई। इससे पूर्व मुख्य अतिथि जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने उपस्थित साहित्यकार लेखक, शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ,कार्मिकों एवं विद्यार्थियों से साहित्य पत्र लेखन के संबंध में अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा जिले में चलाये जा रहे नवाचारों की प्रशंसा भी की। कलक्टर ने कहा कि आज ईमेल, इन्स्टाग्राम, व्हाट्सएप, ट्विटर के माध्यम से क्षण भर में संदेश भेजे जाते है लेकिन कुछ समय बाद ये संदेश हमे ठीक से याद नहीं रहते हैं। लेकिन, पत्र लेखन, पाती लेखन या चिठ्ठी के माध्यम से अगर हम संदेश ले लिखते हैं तो हमें वे संदेश याद रहते है। बच्चो को लेखन कुशलता हासिल होती है, जो आगे तक प्रतियोगी परीक्षाओं में उन्हे मदद करती है। पाती लेखन से माता- पिता के प्रति बच्चों का स्वभाव का पता चलता है। उन्होंने कहा कि पाती लेखन बहुत अच्छी और सराहनीय पहल है। कलक्टर ओला ने एडीएम सूरज नेगी की इस मुहिम को अभिनव पहल बताया। उन्होंने सभी को मिलकर इस मुहिम को और अधिक ऊंचाई पर ले जाने की बात कहीं।

अतिरिक्त जिला कलक्टर व पाती मुहिम के संयोजक डॉ सूरज सिंह नेगी ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि साहित्यकार/लेखक वह हैं जिनके दिल में भावनाओं का अम्बार है और ऐसे साहित्यकार, लेखक यहां उपस्थित हैं। इस दौरान पाती अपनों को मुहिम की झलकियां प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई। 

कार्यक्रम की अध्यक्ष प्रवर अधीक्षक डाक विभाग जयपुर प्रियंका गुप्ता ने उपस्थितजन को पाती लेखन के लिए प्रेरित करते हुए डाक विभाग में प्राप्त होने वाले पत्रों की जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने डाक विभाग की ओर से चल रही प्रतियोगिता "ढाई आखर राइटिंग कैंपेंन" पर भी प्रकाश डाला।

डॉक्टर अखिलेश पालरिया ने कहा की पाती लेखन से हम  मन की शांति प्राप्त कर सकते हैं।

इन्हें मिला सम्मान

समारोह में एनएसएस की इकाई से जुड़े तीन बच्चों को बापू की चिट्टी मेरी जुबानी पत्र लेखन में श्रेष्ठ पाती लिखने पर तथा जिले में सर्वश्रेष्ठ आने पर जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला सहित अन्य अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों का स्मृति चिह्न और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। जिनमें प्रथम स्थान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शेरपुर खिलचीपुर की तन्नू अग्रवाल, द्वितीय स्थान महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खिरनी की रीना योगी एवं तृतीय स्थान महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर के विद्यार्थी अशोक मेरोठा को मिला।
इस दौरान डॉ अनिता श्रीवास्तव, कमलेश शर्मा, कल्पना गोयल, ज्ञानवती सक्सेना, आशा शर्मा 'अंशु' ,डॉ.छाया शर्मा, सौम्या श्रीवास्तव ,मानकंवर ' मैना,' पार्वती भागवानी, डॉ. ममता पानेरी,अनिल यादव ,नीलम यादव ,बनवारीलाल शर्मा, उम्मे हबीबा सहित अन्य चयनित लेखकों को पाती लेखन प्रतियोगिता स्मृति चिह्न,प्रशस्ति पत्र व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान 2000 से भी अधिक पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई जिसका सभी ने अवलोकन किया ।

 

  

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।