बारां कलक्टर की खिंचाई...सीएम के दौरे में अव्यवस्थाओं पर लगी फटकार
<p><em><strong>बताया जा रहा है कि समारोह के बाद की भोजन व्यवस्था के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।</strong></em></p>
तीन दिन पहले बारां में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक कार्यक्रम के दौरान न हुई अव्यवस्थाओं के बाद बारां से लेकर जयपुर स्थित सचिवालय तक प्रशासनिक तंत्र में खलबली मची हुई है। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने बारां कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता को ‘सुधार की जरूरत’ की बात कह कर चेताया है और अन्य जिलों के कलक्टरों को भी ‘ध्यान देने की जरूरत’ की बात कही है।
मुख्य सचिव ने बारां कलक्टर गुप्ता को यह नसीहत शनिवार, 5 नवंबर की शाम को आईएएस अफसरों के सोशल मीडिया ग्रुप पर मैसेज के जरिए दी है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 3 नवंबर को बारां के बड़ा के बालाजी में राजीव गांधी ग्रामीण खेल ओलंपिक में विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में गए थे।
बताया जा रहा है कि समारोह के बाद की भोजन व्यवस्था के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। कार्यक्रम के बाद सीएम गहलोत बारां लौटे और वहां से नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल के साथ सड़क मार्ग से कोटा नहीं जा सके क्योंकि सीमल्या टोल प्लाजा पर विधायक भरत सिंह कुंदनपुर में अपने समर्थकों के साथ बैठे हुए थे। इस तरह की अव्यवस्थाओं के कारण सीएम खफा हो गए थे। उन्होंने जयपुर पहुंचते ही मुख्य सचिव समेत अन्य अफसरों की क्लास ली। इसके बाद मुख्य सचिव उषा शर्मा ने बारां कलक्टर को तो फटकार लगाई ही साथ ही अन्य जिलों के कलक्टरों को भी यह कहा कि सीएम के दौरे के समय व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्थाएं तब हुई जब वहां 25 हजार लोग पहुंच गए।
What's Your Reaction?