केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा पर मोदी का हाथ नहीः ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की विधानसभा में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के विरुद्ध एक प्रस्ताव पारित किया गया। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने यह कहकर कि सीबीआई और ईडी के विरुद्ध प्रस्ताव विधानसभा के नियमों के खिलाफ है, अपना विरोध जताया लेकिन
प्रस्ताव के पक्ष में 189 और विरोध में 69 मत पड़े और प्रस्ताव पारित हो गया।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियां कई मामलों की जांच कर रही हैं, जिनमें राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कई वरिष्ठ नेता आरोपी हैं। यही बात टीएमसी को विशेषतौर पर परेशान कर रही है। इस प्रस्ताव के संदर्भ में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘उन्हें नहीं लगता कि राज्य में सीबीआई-ईडी की कथित ज्यादतियों के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं का एक तबका अपने हित साधने के लिए इन एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रहा है। जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के विरुद्ध ही बंगाल विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित किया गया।
ममता ने कहा, ‘केंद्र सरकार तानाशाही जैसा व्यवहार कर रही है। यह प्रस्ताव किसी खास के खिलाफ नहीं है, बल्कि जांच एजेंसियों के पक्षपातपूर्ण कामकाज के खिलाफ है।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह देखना चाहिए कि केंद्र सरकार का एजेंडा और उनकी पार्टी के हित आपस में न मिलें। यह देश के लिए अच्छा नहीं होगा।
What's Your Reaction?