दिल्ली-एनसीआर में लौट रही शीतलहर, माइनस 1 डिग्री तक जा सकता है पारा

<p><em><strong>देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में 16 से 18 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान आया नगर और रिज का न्यूनतम तापमान महज 3 डिग्री रह सकता है। वहीं, लाइव वेदर इंडिया के अनुसार इस दौरान राजधानी में रिकॉर्ड स्तर की ठंड पड़ सकती है। न्यूनतम तापमान 5 से माइनस 1 डिग्री तक रह सकते हैं।</strong></em></p>

दिल्ली-एनसीआर में लौट रही शीतलहर, माइनस 1 डिग्री तक जा सकता है पारा
15-01-2023 - 11:46 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

दिल्ली-एनसीआर को एकबार फिर शीतलहर के चलते ठिठुरन झेलनी होगी। सर्दी की छुट्टियों के बाद 16 जनवरी से स्कूल भी खुलने वाले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 से 18 जनवरी तक राजधानी के कई हिस्सों में शीतलहर चलेगी। यह शीतलहर इस जनवरी में चली शीतलहर जैसी ही होगी। वहीं, लाइव वेदर इंडिया के मुताबिक, राजधानी में इस दौरान तापमान माइनस 1 डिग्री जा सकता है, यह ऐतिहासिक ठंड होगी। यह जनवरी 10 बरसों की सबसे ज्यादा शीतलहर वाली जनवरी हो सकती है। अभी तक इस जनवरी में पांच दिन शीतलहर चली है। इससे पहले पूरी जनवरी 2021 में 7 और 2013 में 6 दिन शीतलहर चली थी।
कैसा रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 17-18 जनवरी को दिल्ली के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, स्काईमेट के अनुसार शीतलहर के दौरान तापमान 3 डिग्री के आसपास रहेगा। हो सकता है कि कुछ जगहों पर यह एक से दो डिग्री तक पहुंच जाए। लेकिन इसके नीचे जाने की संभावना नहीं है।
आगे क्या कम होगी ठिठुरन
पहाड़ों पर मौसम साफ होने के बाद शनिवार से ही दिन के तापमान में कमी आना शुरू हो गया है। उत्तर भारत में कुछ जगहों पर शीतलहर शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से कमी आएगी। 19 जनवरी तक कड़ाके की ठंड रहेगी। पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से अब तापमान तेजी से गिरेगा। 19 जनवरी से तापमान बढ़ सकता है। अनुमान है कि 23 और 24 जनवरी को राजधानी में बारिश भी हो सकती है।
न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास होगा
स्काईमेट के अनुसार ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास दर्ज होगा। कुछ जगहों पर यह गिरकर 1 से 2 डिग्री के आसपास रह सकता है। अगर तापमान माइनस 1 डिग्री तक पहुंचता भी है तो यह बहुत कम वक्त के लिए ही होगा। न्यूनतम तापमान ज्यादातर मौकों पर सुबह 5.30 से 8.30 बजे के बीच दर्ज होता है। इस दौरान सूरज उग रहा होता है। 
पिछली शीतलहर जैसी ही होगी सर्दी
मौसम विभाग ने इस बीच साफ किया है कि 16 से 18 जनवरी के बीच शीतलहर का प्रभाव रहेगा। हालांकि ऐसा नहीं है कि इस दौरान तापमान शून्य से नीचे पहुंच जाएगा। आया नगर और रिज राजधानी के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार यहां का तापमान 3 डिग्री तक गिर सकता है। 18 जनवरी के बाद एक बार फिर सर्दी से राहत मिल जाएगी। वहीं, स्काईमेट के अनुसार 19 जनवरी से एक अन्य वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से पहाड़ों पर फिर से बर्फबारी होगी। इसकी वजह से राजधानी के तापमान फिर से तेजी से बढ़ने के साथ संभावना है कि 23 और 24 जनवरी के आसपास बारिश भी देखने को मिले।
क्यों गिरेगा पारा?
वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई है। कुल्लू, मनाली और शिमला में भी सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। अब पहाड़ों का मौसम साफ हो गया है। इसकी वजह से उत्तर पश्चिमी भारत में उत्तर और उत्तर पश्चिमी बर्फीली हवाएं फिर से बहेंगी। यह ठंडी हवाएं दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में चलेंगी। इससे फिर से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

एक दशक में सबसे अधिक शीतलहर वाली जनवरी!
मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही रहा तो यह जनवरी एक दशक की सबसे अधिक शीतलहर वाली जनवरी बन सकती है। जनवरी 2023 में अभी तक 5 दिन शीतलहर का प्रकोप रहा है। इससे पहले 2021 में 7 और 2013 में 6 दिन शीतलहर रही है। ऐसे में यदि पूर्वानुमान के मुताबिक तीन दिन शीतलहर चलती है तो यह एक दशक की सबसे अधिक शीतलहर वाली जनवरी होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।