वंदे भारत से पहले पहुंचा विवाद..! ट्रेन चलाने का जिम्मा जयपुर को मिला तो भड़के अजमेर रेल मंडल कर्मचारी

<p><em><strong>राजस्थान में वंदे भारत ट्रेन के संचालन से पहले ही विवाद छिड़ हो गया है। रेलवे ने ट्रेन के संचालन (वर्किंग) की जिम्मेदारी जयपुर रेल मंडल को देने का प्रस्ताव बनाया है। यह बात अजमेर रेल मंडल के कर्मचारियों को नागवार गुजरी है।&nbsp;</strong></em></p>

वंदे भारत से पहले पहुंचा विवाद..! ट्रेन चलाने का जिम्मा जयपुर को मिला तो भड़के अजमेर रेल मंडल कर्मचारी
04-04-2023 - 10:34 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

वंदे भारत ट्रेन के संचालन का जिम्मा जयपुर रेल मंडल को मिलने पर अजमेर रेल मंडल कर्मी नाखुश हैं। उनका कहना है कि मेंटेनेंस और ट्रायल अजमेर में हुआ है। ऐसे में इस ट्रेन को चलाने की जिम्मेदारी भी अजमेर को मिलनी चाहिए। इसके लिए सोमवार को अजमेर में कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया है। यहां के गार्ड, लोको पायलट, चेकिंग स्टाफ सहित तमाम कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखने का भी ऐलान किया है। काम ठप करने तक की चेतावनी दी है।
विवाद आखिर क्या है?
जयपुर मंडल को वंदे भारत ट्रेन की वर्किंग की जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव रेलवे का है। इसका मतलब यह हुआ कि ट्रेन के संचालन में पूरी तरह जो स्टाफ लगाया जाएगा, वह जयपुर रेल मंडल का होगा। इसका फायदा भी सबसे ज्यादा जयपुर मंडल के स्टाफ को मिलेगा। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे कर्मचारी यूनियन के मंडल अध्यक्ष मोहन चेलानी कहते हैं- जो रनिंग स्टाफ और चेकिंग स्टाफ गाड़ी में चलता है, उनको किलोमीटर के हिसाब से भत्ता मिलता है। इसलिए गाड़ी के संचालन में जिस मंडल को कार्य मिलता है, उस मंडल के कर्मचारियों को सीधे तौर पर उसका आर्थिक लाभ भी मिलेगा। साथ ही, नई गाड़ियों के संचालन के लिए नए पद भी बनते हैं। इससे कर्मचारियों की संख्या बढ़ती है। इसका सीधा फायदा कर्मचारियों को प्रमोशन के रूप में मिलता है।
रेलवे स्टेशन पर किया प्रदर्शन 
सोमवार शाम करीब 5 बजे नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे कर्मचारी यूनियन के बैनर तले अजमेर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया गया। यूनियन के मंडल अध्यक्ष मोहन चेलानी ने कहा- देश के प्रतिष्ठित गाड़ी वंदे भारत का संचालन अजमेर से दिल्ली के बीच हो रहा है। इसको लेकर पब्लिक के साथ ही रेल कर्मचारी भी उत्साहित हैं। ट्रायल के दौरान अजमेर मंडल के कर्मचारी लगातार मेंटीनेंस का काम कर रहे हैं। अजमेर से आबूरोड ट्रायल को अजमेर मंडल के स्टाफ ने अंजाम दिया। इसलिए ट्रेन को चलाने और चेकिंग आदि का काम यहां के स्टाफ को मिलना चाहिए। 
कर्मचारियों में गुस्सा
यूनियन के मंडल अध्यक्ष मोहन चेलानी ने कहा- एक पत्र जारी हुआ है। इसमें जयपुर मंडल को वर्किंग जारी करने का आदेश प्राप्त हुआ है। इसे लेकर अजमेर मंडल का स्टाफ गुस्से में है। सोमवार को नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे कर्मचारी यूनियन अजमेर मंडल के स्टाफ ने सांकेतिक रूप से मीटिंग कर प्रदर्शन किया है। इस आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। आने वाले समय में स्टेशन की सभी 10 शाखाएं भी विरोध-प्रदर्शन करेंगी।
अभी सिर्फ प्रस्ताव है
सीनियर डीसीएम विवेक रावत ने कहा- वंदे भारत को लेकर अभी सिर्फ प्रस्ताव जारी हुआ है। आदेश जारी नहीं हुआ है। कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा कर मुख्यालय पर भिजवाया जाएगा। जो भी कर्मचारियों की मांगे हैं, उस पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।