जेल में ही मनेगी दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की होली, 20 मार्च तक भेजे गये जेल..तिहाड़ में होंगे शिफ्ट, 10 मार्च को जमानत याचिका पर सुनवाई

<p><em>शराब घोटाला कांड में घिरे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब उनकी होली जेल में ही मनने वाली है। आज, सोमवार 6 मार्च को उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में फिर से पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि 10 मार्च को उनकी जमानत सुनवाई होनी है लेकिन इस बीच उन्हें आज ही तिहाड़ जेल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।</em></p>

जेल में ही मनेगी दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की होली, 20 मार्च तक भेजे गये जेल..तिहाड़ में होंगे शिफ्ट, 10 मार्च को जमानत याचिका पर सुनवाई
06-03-2023 - 02:43 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

इससे पूर्व आज जब सीबीआई ने सिसोदिया को कोर्ट में पेश किया तो वे मुस्कुराते हुए दिखे। जब उन्हें पेशी के लिए ले जाया जा रहा था तो उन्होंने मीडिया के सामने हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया। उल्लेखनीय है कि 51 साल के सिसोदिया ने अदालत के सामने जमानत याचिका में कहा था कि सीबीआई उनसे बार-बार एक जैसे सवाल पूछ रही है। सिसोदिया का दावा है कि इस तरह उनका मानसिक शोषण किया जा रहा है।

बता दें कि पिछली सुनवाई के दौरान सिसोदिया के वकील ने कहा था कि सिसोदिया को हिरासत में रखने से कोई लाभ नहीं है। उनकी दलील थी कि एजेंसी की अक्षमता को हिरासत में रखने का आधार नहीं बनाया जा सकता। सुनवाई के दौरान अदालत ने सीबीआई से कहा था कि कुछ नया पूछने को हो तो ही सिसोदिया से पूछें। सीबीआई का कहना था कि सिसोदिया सवालों से बचने की कोशिश कर रहे हैं।

उधर, दिल्‍ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक दिन पहले कहा था कि अगर मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन उनका साथ छोड़कर बीजेपी में चले गए होते तो तो आज न तो वे जेल में होते और न ही उन पर कोई मुकदमा होता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वे गैर बीजेपी शासित राज्य सरकारें गिराने के लिए सीबीआई व ईडी का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री गवर्नरों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। यही हालत दिल्ली में भी है। यहां भी उपराज्यपाल देश के संविधान और सुप्रीम कोर्ट को नहीं मानते, ऐसे में देश कैसे चलेगा?

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।