कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनावः 8 अक्टूबर तक नूरा कुश्ती का लुत्फ लें बाकी तो.. हुई है वही जो आलाकमान रचि राखा..

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनावः 8 अक्टूबर तक नूरा कुश्ती का लुत्फ लें बाकी तो.. हुई है वही जो आलाकमान रचि राखा..
20-09-2022 - 06:12 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

राकेश रंजन

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाने वाली है और 24 से 30 सितंबर के मध्य इस पद के लिए होने वाले चुनाव के मद्देनजर नामांकन भरे जाएंगे। जैसे-जैसे नामांकन की तारीख नजदीक आ रही है, यह कौतूहल बढ़ने लगा है कि इस बार कमान क्या किसी गैर नेहरू-गांधी परिवार के व्यक्ति को मिलेगी या फिर इस परिवार से ही किसी को अध्यक्ष पद पर काबिज किया जाएगा।

निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता और राहुल गांधी अभी तक नानुकुर ही कर रहे हैं। अलबत्ता अंदरखाने उनके लिए मान-मनौव्वल जारी है। विभिन्न प्रदेशों की कांग्रेस कमेटियां राहल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव पारित कर रही हैं। लेकिन, अब तक राहुल गांधी ने कुछ भी स्पष्ट तौर पर संकेत नहीं दिये हैं। कांग्रेस परिवार में हइ है वही जो नेहरू-गांधी परिवार रचि राखा..!

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1996 से 1998 के बीच वरिष्ठ नेता सीताराम केसरी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने थे। उनके बाद से लेकर अब तक कांग्रेस के अध्यक्ष का पद भार अधिकतर समय स्वर्गीय राजीव गांधी की पत्नी सोनिया गांधी ही निभाती रहीं। केवल वर्ष 2017 से 2019 के मध्य कांग्रेस के अध्यक्ष पद का दायित्व सोनिया गांधी के पुत्र राहुल गांधी के पास रहा लेकिन उनके इस पद से इस्तीफा देने के बाद फिर से सोनिया गांधी ही कांग्रेस के अध्यक्ष पद का दायित्व निभा रही हैं। इस तरह से दो दशक से गांधी-नेहरू परिवार के अतिरिक्त कोई भी कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन सका है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नेहरू-गांधी परिवार के काफी नजदीक समझे जाते हैं और समझा जा रहा है कि उन्हें इशारा मिल गया है कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ें। इस बात को बल मिला है,  सोमवार 26 सितंबर की सुबह नौ बजे गहलोत का दिल्ली जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित की वजह से। समझा जा रहा है कि इस पहले नवरात्र वाले दिन वे कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

गहलोत के सामने समस्या यह है कि यदि वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व निभाने को तैयार हो जाते हैं तो हो सकता है कि उन्हें राजस्थान के मुख्यमंत्री पद का दायित्व छोड़ना पड़े। गहलोत राजस्थान छोड़ना नहीं चाहते और किसी ऐसे व्यक्ति के हाथों इस राज्य का नेतृत्व सौंपना नहीं चाहते जो भविष्य में उनकी मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं पर विराम लगा दे। कुल मिलाकर फिलहाल वे दुविधा में हैं। अलबत्ता आलाकमान के कहने पर वे राजस्थान के मुख्यमंत्री पद त्याग कर सकते हैं और 26 सितंबर को नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

उधर, पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर गहलोत को चुनौती देने को तैयार हैं। सोमवार को उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा से अवगत कराया। सोनिया गांधी ने उनसे कहा है कि इस चुनाव में यदि कई उम्मीदवार खड़े होते हैं तो यह पार्टी के लिए बेहतर है और इसमें उनकी भूमिका तटस्थ रहेगी। कांग्रेस सूत्रों ने यह जरूर बताया है कि थरूर और सोनिया की मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया है,  इस चुनाव में पार्टी की ओर से कोई ‘ अधिककृत उम्मीदवार’  नहीं होगा।

बहरहाल, कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना दो दिनों के बाद यानी 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। यदि  एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। तब तक कांग्रेस में चल रही नूरा कुश्ती का लुत्फ लेते रहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।