कोचिंग सेंटर में हुआ साहिल से प्यार...लिवइन के बाद शादी की जिद, अंजाम- फ्रिज में मिली निक्की की लाश
<p><em><strong>राजधानी दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसा एक और बड़ा मामला सामने आया है। इसमें भी युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर शव को अपने ढाबे के फ्रिज में रख दिया और फिर मंडोठी गांव, झज्जर में बरात ले जाकर दूसरी लड़की से विवाह कर लिया। आरोपी साहिल गहलोत (24) प्रेमिका के शव को ठिकाने लगाता, उससे पहले ही दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने उसे एक सूचना के बाद उसके मित्राऊ गांव से गिरफ्तार कर लिया। </strong></em></p>
श्रद्धा वॉकर की तर्ज पर एक और लड़की निक्की यादव अपने प्रेमी के हाथों मरकर फ्रिज में पहुंच गई। इस प्रकरण में युवक साहिल और मृतक युवती निक्की यादव पिछले दो वर्षों से सहमति से संबंधों में थे। साहिल अपने परिजनों के दबाव में दूसरी लड़की से शादी कर रहा था, जबकि निक्की यादव उससे शादी करना चहाती थी। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि साहिल ने निक्की से प्यार वाली बात अपने घरवालों को नहीं बताई थी। दूसरी तरफ साहिल के परिजन उस पर दूसरी लड़की से शादी करने का दवाब बनाने लगा। आखिरकार दिसंबर, 2022 में साहिल की दूसरी लड़की से मंगनी कर दी। नौ फरवरी को साहिल की शादी तय हो गई। आरोपी ने यह बात निक्की को नहीं बताई थी। किसी तरह निक्की को यह बात पता लग गई। वह साहिल से शादी करने की जिद करने लगी। ऐसे में साहिल ने डाटा केबल से निक्की का गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को ढाबे के फ्रिज में रखकर अपने घर चला गया और 11 फरवरी को झज्जर बरात ले जाकर दूसरी लड़की शादी कर ली। पुलिस ने निक्की के शव को फ्रीज से बरामद कर लिया है।
चार वर्ष पहले कोचिंग सेंटर में हुई थी दोस्ती
पुलिस को साहिल ने बताया कि वह जनवरी, 2018 में उत्तम नगर स्थित कॅरिअर प्वाइंट कोचिंग सेंटर में एसएससी परीक्षाओं की कोचिंग लेने गया था। उसी समय झज्जर निवासी निक्की यादव उत्तम नगर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कोचिंग ले रही थी। ये दोनों एक ही बस में रोज साथ आते थे। इस कारण दोनों की दोस्ती हो गई। दोनों के बीच जल्द ही प्यार हो गया। कोचिंग से पहले व बाद में मिलना जुलना शुरू हो गया। फरवरी, 2018 में साहिल ने ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया कॉलेज में डी फार्मा में दाखिल ले लिया।
ग्रेटर नोएडा में दो साल सहमति संबंध में रहे
साहिल के ग्रेटर नोएडा में दाखिला लेने के बाद निक्की ने भी इसी कॉलेज में बीए अग्रेंजी ऑनर्स में दाखिला ले लिया। इसके बाद दोनों ने यहीं किराये के मकान में सहमति संबंध में रहना शुरू कर दिया। दोनों मनाली, ऋषिकेश, हरिद्वार व देहरादून आदि जगह साथ घूमने गए थे। कोरोना काल में दोनों अपने-अपने घर चले गए थे। कोरोना खत्म होने के बाद दोनों ने सेक्टर-23, द्वारका में फिर सहमति संबंध में रहना शुरू कर दिया। यहां ये 8-10 महीने रहे। चार माह से निक्की उत्तम नगर में रह रही थी।
What's Your Reaction?