गुजरात विधानसभा चुनाव 2022ः रवींद्र जडेजा की पत्नी, हार्दिक पटेल को भाजपा से टिकट
<p><em><strong>कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को भी वीरमग्राम से पार्टी उम्मीदवार बना दिया गया है।</strong></em></p>
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के लिए राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को जामनगर उत्तर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है, और इस सीट के मौजूदा विधायक धर्मेन्द्रसिंह एम. जडेजा का टिकट काट दिया गया है। इसके अलावा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को भी वीरमग्राम से पार्टी उम्मीदवार बना दिया गया है। गुरुवार को जारी की गई प्रत्याशियों की पहली सूची में 182 में से 160 विधानसभा सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। इस सूची में कुल सात नाम ऐसे हैं, जो पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे।
मददगार को मिला टिकट
हाल ही में पुल हादसे की वजह से सुर्खियों में रही मोरबी विधानसभा सीट से भाजपा ने मौजूदा विधायक का टिकट काटकर पूर्व विधायक कांतिलाल अमृतिया को उम्मीदवार बनाया है, जो कथित रूप से हादसे के वक्त लोगों की जान बचाने के लिए नदी में कूद गए थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को घाटलोडिया विधानसभा सीट से पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है.
रिवाबा पर जताया भरोसा
पहली बार चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में रिवाबा जडेजा शामिल हैं, जो वर्ष 2019 में भाजपा में शामिल हुई थीं। रिवाबा मैकेनिकल इंजीनियर हैं और कांग्रेस के दिग्गज नेता हरि सिंह सोलंकी की रिश्तेदार हैं। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा से उनका विवाह वर्ष 2016 में हुआ था।
कांग्रेस से आए सात को मिला प्रसाद
कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सात प्रत्याशी हैं, जो वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर ही लड़े थे। इनमें प्रद्युम्न जडेजा तथा अश्विन कोतवाल शामिल हैं। गुजरात कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल 2017 में चुनाव नहीं लड़ पाए थे क्योंकि उस वक्त उनकी वय 25 वर्ष से कम थी।
What's Your Reaction?