हिल रहा हिमालय: भारत-चीन सीमा पर लगातार दो बार कांपी धरती
<p><em><strong>जम्मू-कश्मीर के रामबन और डोडा जिलों में पिछले 24 घंटों में कई बार कम तीव्रता के झटके महसूस किए गए। केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में भी भूकंप आया है। चिनाब घाटी के क्षेत्र में 3 और 4.4 तीव्रता के भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। भारत चीन सीमा पर भी दो बार धरती कांपी। ऐसे में लोगों दहशत पैदा हो गई।</strong></em></p>
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर पांच बार भूकंप आए हैं। इनकी तीव्रता बहुत ज्यादा नहीं थी। सबसे बड़ा भूकंप 4.5 तीव्रता का आया था। भारत-चीन सीमा पर भी लगातार दो बार धरती डोली। शनिवार दोपहर 2.03 बजे जम्मू और कश्मीर में 3.0 की तीव्रता का पहला भूकंप आया था। एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले में सतह से 5 किमी नीचे था। दूसरी बार रात करीब 9.44 बजे लद्दाख में धरती कांपी। लेह से 271 किमी उत्तर पूर्व क्षेत्र में आए इस भूकंप की तीव्रता 4.5 थी। 15 मिनट के भीतर ही भारत-चीन सीमा पर भूकंप आया। एक के बाद एक लगातार धरती डोलने से लोग दहशत में रहे। अच्छी बात यह है कि इससे किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रात 9.55 बजे 4.4 की तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले पांच दिनों में डोडा जिले में आया यह सातवां भूकंप था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने ट्वीट किया, ‘17 जून 2023 को जम्मू-कश्मीर के डोडा में 18 किमी गहराई में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया।’ रविवार तड़के भी भारत चीन-सीमा के क्षेत्र में 4.1 तीव्रता का फिर भूकंप आया। इसका केंद्र लद्दाख में लेह से 295 किमी उत्तर पूर्व में था। पांचवीं और आखिरी बार भूकंप जम्मू-कश्मीर में कटरा के पास महसूस किया गया। 4.1 तीव्रता का यह भूकंप तड़के 3.50 बजे कटरा से 80 किमी पूर्व 11 किमी गहराई में था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने ट्वीट किया, ‘4.1 तीव्रता का भूकंप 18 जून को 3.50 बजे सुबह कटरा से 80 किमी पूरब में 11 किमी गहराई में आया।’
What's Your Reaction?