आजाद से मिलने पर घिरे हुड्डा की सफाई, गांधी परिवार के साथ आज भी खड़ा हूं
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की गुलाम नबी आजाद से मुलाकात पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। हरियाणा कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद गुरुवार, 1 सितंबर को भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वह गांधी परिवार के साथ पहले भी खड़े थे और आज भी खड़े हैं। उन्होंने सैलजा पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की। हालांकि तंज कसते हुए यह कहा कि कई बार लोग हताशा में आकर कुछ भी बोल देते हैं। दरअसल आजाद से हुड्डा के मुलाकात करने पर गंभीर चिंता जताते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने कहा है कि इस कदम ने पार्टी के आम कार्यकर्ताओं को भ्रमित और निराश किया है।
ऐसी खबर है कि कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य और पार्टी की हरियाणा इकाई की पूर्व अध्यक्ष सैलजा ने पार्टी के आलाकमान के समक्ष हुड्डा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने की मांग की है।
इस पर हुड्डा ने कहा कि हम इस परिवार (गांधी परिवार) के साथ पहले भी खड़े थे और आज भी खड़े हैं। हुड्डा के अलावा जी-23 के दो अन्य सदस्यों आनंद शर्मा और पृथ्वीराज चह्वाण ने मंगलवार, 30 अगस्त को आजाद से दिल्ली स्थित उनके घर पर मुलाकात की थी।
What's Your Reaction?