प्रमोशन हो तो ऐसा...ग्राम पंचायत से सीधे जिला बना यह कस्बा, जयपुर से है खास कनेक्शन
<p><em><strong>राजस्थान में नए जिलों की घोषणा के साथ जयपुर की भौगोलिक परिस्थितियों में भी बदलाव हुआ है। जयपुर शहर को बांटते हुए चार नए जिलों का निर्माण होगा। इसमें दूदू ऐसी ग्राम पंचायत है, जिसे सरकार ने सीधा जिला बना दिया है।</strong></em></p>
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार, 17 मार्च को 19 नए जिलों और 3 संभाग मुख्यालयों की घोषणा की। इन सबमें एक नाम ऐसा है, जिसने सबको हैरान कर दिया। यह नाम है, दूदू का। वर्तमान में दूदू ग्राम पंचायत है। 10 फरवरी को मुख्यमंत्री ने राजस्थान विधानसभा में बजट पेश किया था और 17 फरवरी को बजट का उत्तर दिया।
सदन में अपने उत्तर के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 8 शहरों को नई नगर पालिकाएं बनाने की घोषणा की थी। इन 8 में दूदू ग्राम पंचायत का नाम भी था। 17 मार्च को जब बजट पारित किया, उस दिन दूदू को जिला बनाने की घोषणा कर दी गई। अब गजट नोटिफिकेशन जारी होने के बाद दूदू देश की पहली ऐसी ग्राम पंचायत बन जाएगी, जो ग्राम पंचायत से सीधा जिला बनेगी।
दूदू कस्बा छोटा लेकिन आस-पास कई गांव
जयपुर से करीब 65 किलोमीटर दूर अजमेर रोड पर स्थित दूदू बड़ा कस्बा नहीं है। यह एक छोटी-सी ग्राम पंचायत है, जिसमें केवल 23 वार्ड हैं लेकिन दूदू नेशनल हाईवे पर होने के साथ दर्जनों गांवों का केन्द्र है। कई गांवों के बीच होने और अच्छी कनेक्टिविटी होने के कारण दूदू में कई तरह के औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं। सिर्फ ग्राम पंचायत होने के बावजूद दूदू में अलग से डिप्टी और एसपी ऑफिस होने के साथ उप जिला अस्पताल और सेशन न्यायालय भी है। उपखंड क्षेत्र होने के कारण दूदू में एसडीएम और एडीएम कार्यरत हैं। दर्जनों गांवों का केन्द्र बिन्दु होने के कारण कई सालों पहले से ही दूदू में प्रशासनिक कार्यालय खोले गए। अब दूदू को जिला बनाने की घोषणा कर दी गई है।
स्थानीय विधायक बाबूलाल नागर का प्रभाव
दूदू विधानसभा क्षेत्र भी है। बाबूलाल नागर दूदू से निर्दलीय विधायक हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पिछले कार्यकाल में बाबूलाल खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। बाद में महिला की ओर से रेप का आरोप लगाए जाने के बाद नागर को मंत्री पद गंवाना पड़ा। लम्बे समय तक वे जेल में रहे लेकिन बाद में कोर्ट ने नागर को बरी कर दिया।
What's Your Reaction?