वेस्ट इंडीज नहीं अमेरिका में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान: 2024 टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में मुकाबला
<p><em><strong>यह वर्ल्ड कप वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में होना है। अमेरिकी क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अतुल राय ने दावा किया है कि भारत-पाकिस्तान मैच अमेरिका में होगा, वेस्टइंडीज में नहीं।</strong></em></p>
भारत-पाकिस्तान के बीच मैदान पर और मैदान से बाहर हर मुकाबला करो या मरो की स्थिति पैदा कर ही देता है। जब बात क्रिकेट की हो तो ये दीवानगी एक अलग ही स्तर पर पहुंच जाती है। इसी को कंपनियां हर टूर्नामेंट में भुनाती हैं।
2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भी इन दो चिर-प्रतिद्वंद्वियों की भिड़ंत को तय माना जा रहा है। यह वर्ल्ड कप वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में होना है। अमेरिकी क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अतुल राय ने दावा किया है कि भारत-पाकिस्तान मैच अमेरिका में होगा, वेस्टइंडीज में नहीं।
राय ने एक इंटरव्यू में कहा है, ‘फ्लोरिडा में भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लोकल फैंस की ओर से बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला था। मैच के सारे टिकट बिक गए थे। इसलिए हमें लगता है कि अगर भारत-पाकिस्तान वर्ल्ड कप मैच भी यहां हो तो इसे फैंस का जबरदस्त सपोर्ट मिलेगा।’
टूर्नामेंट कमेटी ने 2 बार अमेरिका के अलग-अलग शहरों का दौरा किया है। उसने कई मैदानों का मुआयना किया है। 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के इस मैच की मेजबानी अमेरिका को दी जा रही है, क्योंकि वहां भारत और पाकिस्तान मूल की बड़ी आबादी रहती है। इसके पीछे दूसरा कारण यह है कि आईसीसी अमेरिका में भी क्रिकेट को लोकप्रिय बनाना चाह रहा है। अभी वहां बेसबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल जैसे खेल लोकप्रिय हैं।
What's Your Reaction?