भाजपा में शामिल हुईं भारत की पहली महिला एमबीए सरपंच

<p><em><strong>भारत की पहली महिला एमबीए सरपंच बनने के बाद ना सिर्फ देश बल्कि विदेशों तक में सुर्खियों में आईं छवि राजावत अब भाजपा नेत्री हो गई हैं। जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शनिवार को उन्होंने &lsquo;पार्टी विद डिफरेंस&rsquo; की सदस्यता लेते हुए सक्रिय राजनीति में अपने कदम रख लिए।&nbsp;</strong></em></p>

भाजपा में शामिल हुईं भारत की पहली महिला एमबीए सरपंच
12-11-2023 - 11:01 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया और झोटवाड़ा प्रत्याशी राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की मौजूदगी में छवि राजावत ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने छवि का पार्टी में स्वागत किया।
सोडा गांव के विकास में निभाई भागीदारी
छवि राजावत टोंक जिले के मालपुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सोडा की लगातार दो बार सरपंच रह चुकी हैं। उन्हें देश की पहली एमबीए सरपंच कहा जाता है। उन्होंने अजमेर के मेयो गर्ल्स स्कूल से स्कूली शिक्षा, देश के प्रख्यात कॉलेज लेडी श्रीराम कॉलेज से कॉलेज शिक्षा और बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न मैनेजमेंट पुणे से एमबीए की डिग्री हासिल की है। 
सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त फॉलोइंग
उन्हें ग्रामीण विकास के प्रति उनके गतिशील और लीक से हटकर दृष्टिकोण के लिए सोशल मीडिया पर भी खूब फॉलो किया जाता रहा है। छवि के सरपंच बनने से 20 साल पहले उनके दादा ब्रिगेडियर रघुबीर सिंह उसी गांव के सरपंच थे। गांव की सरपंच बनने के बाद छवि ने वर्षा जल संचयन और घर-घर शौचालय जैसे कई योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया।
सबसे छोटी उम्र की सबसे पढ़ी लिखी सरपंच
छवि जब सरपंच बनी तब वे सबसे कम उम्र और सबसे पढ़ी-लिखी सरपंच थीं। एमबीए करने के बावजूद उन्होंने गांवों के विकास और ग्रामीणों का उत्थान करने की दिशा में आगे बढ़ना मुनासिब समझा। उनके इस फैसले की हर तरफ सराहना हुई। तब से वे एक यूथ आइकन बन गईं।
पिछले साल दिखीं केबीसी शो में
भाजपा में शामिल हुईं पूर्व सरपंच छवि राजावत पिछले साल के सितम्बर माह में चर्चित शो केबीसी में नजर आई थीं। इस शो में उनके साथ झुंझुनू जिले के लांबी अहीर सहीद नरसिंहपुर सरपंच नीरू यादव भी थीं। इन दोनों सरपंचों को शिक्षा, समाज व महिलाओं के लिए किए बेहतरीन कार्यों के चलते केबीसी में बतौर गेस्ट बुलाया गया था। इस कार्यक्रम में दोनों शख्सियतों ने अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों का विकास मॉडल साझा किया था। साथ ही गांव-ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों के बारे में भी बताया था।
6 लाख 70 हजार की राशि संयुक्त रूप से जीती
इस शो में अमिताभ बच्चन के सवालों के जवाब देते हुए दोनों ने मिलकर 6 लाख 70 हजार की राशि संयुक्त रूप से जीती थी। साथ ही इस राशि को महिला विकास चैरिटी में देने की घोषणा की थी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।